धनबाद : चार बड़े कॉलेजों में बनेगा चुनाव प्रशिक्षण केंद्र, बदलेगी जेनरिक परीक्षा की तिथि
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 28 Feb 2024 6:06 AM
बीबीएमकेयू के जेनरिक पेपर-2 के साथ विनोबा भावे विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित होनेवाली बीएड सेमेस्टर-2 की परीक्षा की चार तिथियां आपस में टकरा रही हैं.
धनबाद : बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय में एक मार्च से शुरू हो रहे जेनेरिक पेपर की विशेष परीक्षा आगे टल सकती है. लोकसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने विवि के चार बड़े कॉलेजों को चुनाव संबंधी प्रशिक्षण कार्य के लिए लिया है. इन कॉलेजों में तीन मार्च से कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा. जिला प्रशासन ने पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज, एसएसएलएनटी महिला कॉलेज, गुरुनानक कॉलेज व आरएस मोर कॉलेज को इस कार्य के लिए लिया है. ऐसे में अब जेनरिक पेपर की स्पेशल परीक्षा तिथि में फेरबदल की तैयारी शुरू हो गयी है. एक से 11 मार्च तक होनेवाली परीक्षा के लिए तिथि के साथ अब परीक्षा केंद्रों में भी बदलाव किया जायेगा. जिन कॉलेज में चुनाव प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है, उनमें परीक्षा का आयोजन नहीं हो सकेगा. ऐसे में बीबीएमकेयू के भेलाटांड़ परिसर में जेनरिक पेपर की स्पेशल परीक्षा का आयोजन संभव है.
विभावि में बीएड सेमेस्टर-2 के परीक्षार्थियों को भी राहत की उम्मीद
बीबीएमकेयू के जेनरिक पेपर-2 के साथ विनोबा भावे विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित होनेवाली बीएड सेमेस्टर-2 की परीक्षा की चार तिथियां आपस में टकरा रही हैं. दो, चार, छह व नौ मार्च को दोनों परीक्षाएं निर्धारित होने से छात्र परेशान हैं, क्योंकि यहां के कई छात्र हैं जो विभावि से बीएड कर रहे हैं. अब जेनेरिक पेपर दो की परीक्षा तिथि में संशोधन से बीएड छात्रों को भी राहत मिलने की उम्मीद है.
यूजी सेमेस्टर वन की 12 से संभावित परीक्षा भी होगी प्रभावित
यूजी सेमेस्टर-वन सत्र 2023-27 की परीक्षा 12 मार्च से प्रस्तावित है. इन चार कॉलेजों में प्रशिक्षण केंद्र बन जाने से इन कॉलेजों की परीक्षा के लिए अब परीक्षा विभाग को फिर से नये सेंटर तलाशने होंगे. इन चारों कालेज का केंद्र बीबीएमकेयू के भेलाटांड़ कैंपस में बनाया जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










