Dhanbad: धनबाद मंडल कारा में विचाराधीन कैदी की मौत, पत्नी की हत्या का था आरोप
Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 19 May 2026 6:18 PM
धनबाद मंडल कारा
Dhanbad मंडल कारा में एक विचाराधीन कैदी की मौत हो गई. मृतक पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में बंद था. मामले की जांच के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...
धनबाद से प्रतीक पोपट
Dhanbad: धनबाद मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान गोविंदपुर थाना क्षेत्र के संग्रामडीह निवासी 27 वर्षीय जीतन रजवार के रूप में हुई है. जीतन अपनी पत्नी संजोती देवी की हत्या के आरोप में 16 मई से जेल में बंद था. बताया जा रहा है कि जेल भेजे जाने के दिन ही उसकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए धनबाद सदर अस्पताल ले जाया गया था. प्राथमिक उपचार के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया था.
सोमवार की देर सात बिगड़ी तबीयत
वहीं सोमवार देर रात एक बार फिर जीतन रजवार की तबीयत अचानक खराब हो गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा. जेल अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर पोस्टमार्टम प्रक्रिया की निगरानी के लिए रविन्द्र नाथ ठाकुर को मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है. मेडिकल बोर्ड की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
पहले से ही बीमार था मृतक
मजिस्ट्रेट रविन्द्र नाथ ठाकुर और धनबाद थाना के एसआई जेएल शर्मा ने बताया कि मृतक पहले से किसी बीमारी से ग्रसित था. हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और आगे की कार्रवाई जारी है. दरअसल, 16 मई को जीतन रजवार की पत्नी संजोती देवी का शव घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था.
संजोती के पिता नरेश रजवार के बयान पर गोविंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने जीतन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. मृतक दंपति का एक चार साल का बेटा भी है.
ये भी पढ़ें…
धनबाद : टाटा स्टील के भेलाटांड कोलियरी में ठेका मजदूरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, उत्पादन ठप
धनबाद: अवैध कोयला खनन के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, तेतुलमारी राजगंज रोड को किया जाम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










