ePaper

सर्वाइकल कैंसर की 20 लाख के स्क्रीनिंग किट गायब

Updated at : 10 May 2025 1:30 AM (IST)
विज्ञापन
सर्वाइकल कैंसर की 20 लाख के स्क्रीनिंग किट गायब

खरीदारी के एक वर्ष बाद भी सेंट्रल स्टोर तक नहीं पहुंचे किट, उपलब्धता रिपोर्ट मांगने के बाद हुआ खुलासा

विज्ञापन

जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों के सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग के लिए खरीदे गये विजुअल इंस्पेक्शन विथ एसेटिक एसिड (वीआइए) किट गायब हो गये हैं. स्वास्थ्य मुख्यालय के निर्देश पर धनबाद में शुरू होने वाली सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग स्पेशल ड्राइव को लेकर जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्धता जांचने के दौरान एक भी किट के आयुष्मान आरोग्य मंदिर नहीं पहुंचने का खुलासा हुआ. किट की खरीदारी कागज पर हुई या धरातल पर कुछ आया भी इसकी जांच शुरू हो गयी है. 20 लाख किट की खरीदारी के दस्तावेज तो हैं, पर सामान नहीं : स्पेशल स्क्रीनिंग ड्राइव से पहले आयुष्मान आरोग्य मंदिर में किट न हीं पहुंचने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के होश उड़ गये हैं. जबकि, वित्तीय वर्ष 2024-25 में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सर्वाइकल जांच के लिए लगभग 20 लाख रुपये की किट की खरीदारी की गयी है. 20 लाख रुपये की वीआइए किट की खरीदारी संबंधित दस्तावेज स्वास्थ्य विभाग के पास है. खरीदारी के बाद किट कहां गयी, इसकी कोई जानकारी विभाग के अधिकारियों को नहीं है.

तीन दिन पूर्व किट के गायब होने की मिली जानकारी :

सर्वाइकल कैंसर को लेकर शुरू होने वाले स्पेशल स्क्रीनिंग ड्राइव को लेकर तीन दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग के अधिकरियों ने जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर के सीएचओ से वीआइए किट की उपलब्धता के संबंध में जानकारी मांगी थी. जबकि, जिला मुख्यालय की ओर से वीआइए किट आयुष्मान आरोग्य मंदिर भेजी ही नहीं गयी थी. सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर के सीएचओ ने किट नहीं मिलने की बात अधिकारियों को बतायी. इसके बाद किट के गायब होने की जानकारी अधिकारियों को मिली.

खरीदारी के बाद स्वास्थ्य विभाग के स्टोर नहीं पहुंचे किट

वीआइए किट के गायब होने की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने गोपनीय तरीके से मामले की जांच शुरू की है. सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में किट की उपलब्धता जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम सेंट्रल स्टोर भी पहुंची. स्वास्थ्य विभाग के सेंट्रल स्टोर में भी वीआइए किट के नहीं पहुंचने की जानकारी अधिकारियों को मिली है.

कहीं कागजों पर तो नहीं हुई खरीदारी, जांच में जुटा विभाग :

वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए वीआइए किट की खरीदारी हुई है. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के कोष से लगभग 20 लाख रुपये की निकासी से संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं. कहीं कागजों पर खरीदारी तो नहीं हकी गयी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस बात की जांच में जुट गए है. किसके माध्यम से वीआइए की खरीदारी की गयी, इसकी भी जांच की जा रही है.

क्या है वीआइए स्क्रीनिंग :

वीआइए स्क्रीनिंग एक सरल और किफायती तरीका है, जिसका उपयोग गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की जांच के लिए किया जाता है. इस परीक्षण में गर्भाशय ग्रीवा पर एसिटिक एसिड का घोल लगाया जाता है. इससे असामान्य कोशिकाएं दिखाई देती हैं. इस विधि से स्क्रीनिंग का परिणाम जल्दी मिल जाता है. इससे महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की प्रारंभिक पहचान में मदद मिलती है और उपचार की संभावना बढ़ जाती है.

कोट

मामले की जानकारी मिली है. खुद जांच कर रहे हैं. शनिवार को खरीदारी से संबंधित कागजात की जांच करेंगे. जांच में गड़बड़ी का पता चलता है, तो दोषियों पर कार्रवाई करेंगे.

डॉ चंद्रभानु प्रतापन,

सीएस

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
NARENDRA KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By NARENDRA KUMAR SINGH

NARENDRA KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola