धनबाद में बच्चा चोरी की अफवाह में कानून हाथ में लिया तो जाएंगे जेल, मॉब लिंचिंग पर SSP की दो टूक
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार
Dhanbad SSP: धनबाद में बच्चा चोरी की बढ़ती अफवाहों को लेकर एसएसपी प्रभात कुमार ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने नागरिकों को चेतावनी दी है कि किसी भी अजनबी पर शक होने पर कानून हाथ में न लें, बल्कि तुरंत पुलिस (112) को सूचित करें. फिलहाल इसे रोकने के लिए जिला प्रशासन जागरूकता अभियान चला रहा है.
Dhanbad SSP, धनबाद : धनबाद समेत आसपास के जिलों में इन दिनों बच्चा चोरी की अफवाह ने गंभीर रूप ले लिया है. सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों के आधार पर लोगों को बच्चा चोर बताकर भीड़ द्वारा पिटाई कर दी जाती है. इन घटनाओं में ज्यादातर निर्दोष राहगीर, मजदूर और मानसिक रूप से अस्वस्थ लोग हिंसा का शिकार हो रहे हैं. लेकिन अब ऐसा नहीं होगा क्योंकि पुलिस कानून अपने हाथ में लेने वालों को कड़ी चेतावनी दी है. पुलिस अधीक्षक ने साफ कर दिया है कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
कानून हाथ में लिया तो बख्शे नहीं जाएंगे : एसएसपी
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि बच्चा चोरी की अफवाहों से सावधान रहें और केवल शक के आधार पर किसी अजनबी को अपराधी न मानें. उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है तो तत्काल स्थानीय थाना या 112 टोल फ्री नंबर पर कर इसकी सूचना दें. एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी को पकड़कर उसके साथ मारपीट करना खुद एक गंभीर दंडनीय अपराध है. बच्चा चोरी के नाम पर भीड़ जुटाकर हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. कानून को अपने हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी.
सोशल मीडिया पर कड़ी नजर, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई
पुलिस ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि बच्चा चोरी से जुड़ी कोई भी अपुष्ट खबर, वीडियो या फोटो बिना सत्यापन के पोस्ट, शेयर या लाइक न करें. यदि कोई भ्रामक या संदिग्ध पोस्ट दिखे तो उसे तुरंत पुलिस को भेजें. पुलिस ने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गलत सूचना फैलाना भी कानूनन अपराध है और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
जागरूकता अभियान में कई विभागों की भागीदारी
अफवाहों पर रोक लगाने के लिए धनबाद पुलिस ने जिला प्रशासन के सहयोग से व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है. इस अभियान में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, जिला पंचायती राज विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्वयंसेवी संगठन सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. गांव-गांव और मोहल्लों में लोगों को समझाया जा रहा है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस को दें. एसएसपी ने स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और चेंबर ऑफ कॉमर्स से भी समाज को जागरूक करने में सहयोग की अपील की है.
अभिभावकों और बच्चों के लिए विशेष संदेश
धनबाद पुलिस ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को अजनबियों से सतर्क रहने की सीख दें. साथ ही बच्चों को भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तुरंत अपने परिजनों या पुलिस को जानकारी दे सकें. पुलिस ने दो टूक कहा है कि अफवाह से बचें, संयम रखें और कानून का साथ दें.
Also Read: धनबाद शराब माफियाओं पर सर्जिकल स्ट्राइक: अवैध भट्टियां नष्ट, 1000 किलो जावा महुआ बरामद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए