Dhanbad News: रिटायर्ड सैनिक के घर भीषण डकैती, तीन लाख नकद और 22 लाख के जेवरात लूटे

Dhanbad News: बरवाअड्डा के मिश्रडीह में देर रात हुई घटना, जांच में जुटी पुलिस
Dhanbad News: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के आसनबनी, मिश्रडीह में सोमवार की रात करीब दो बजे नकाबपोश एक दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने रिटायर्ड आर्मी जवान कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया. अपराधियों ने हथियार के बल पर तीन लाख रुपये और 22 लाख की जेवरात लूट कर फरार हो गये. लूटे गये सामानों में सोने का दो हार, सोने की चार चेन, 12 पीस सोने की अंगूठी, छह जोड़ी सोने की कानबाली, सोने का झुमका चार जोड़ा, हाथ का बाला चार पीस, चांदी पायल दो जोड़ी, महंगी साडी 12 पीस, एक मोबाइल और नकद तीन रुपये शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस और फोरेंसिक टीम ने पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. इस संबंध में गणेश मिश्रा ने बरवाअड्डा थाना में लिखित शिकायत की है.
सीढ़ी लगा कर घर की छत से अंदर घुसे अपराधी
टना के संबंध में रिटायर्ड जवान के पुत्र गणेश कुमार मिश्रा ने बताया कि परिवार के सभी लोग रात में खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरे में सो रहे थे. रात करीब दो बजे एक दर्जन अपराधी बांस की सीढी लगाकर छत के रास्ते घर में घुसे और घटना को अंजाम दिया.
स्प्रे कर पिता-पुत्र व बहू को किया बेहोश, बच्चों को बनाया बंधक
भुक्तभोगी परिवार के अनुसार अपराधियों ने घर के तीन कमरों में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. अपराधी सबसे पहले रिटायर्ड आर्मी जवान कैलाश मिश्रा के कमरे में गये. फिर पुत्र गणेश कुमार मिश्रा तथा पतोहू के कमरे में घुसे और स्प्रे कर पिता-पुत्र व पतोहू को बेहोश कर दिया. इसके बाद अपराधी गणेश मिश्रा के नाबालिग बेटा व बेटी के कमरे में घुसे. बेटा-बेटी के साथ उनकी दादी सोयी थी. दो अपराधियों ने पहले पिस्टल निकाली और एक अपराधी ने धारदार चाकू निकालकर नाबालिग बच्चों को कब्जे में ले लिया. फिर बच्चों की दादी से कहा कि हल्ला किया तो दोनों बच्चों को जान से मार देंगे. डरे-सहमे बच्चे और उनकी दादी चुपचाप कमरे में बैठ गयीं. फिर अपराधियों ने घर के एक-एक कर तीन कमरों को खंगाला. अलमारी और बक्से को कटर से काटकर उसमें रखे जेवरात और तीन लाख रुपये निकाल लिये. फिर घर के बाहर निकले और आंगन का दरवाजा बाहर से बंद कर अपराधी फरार हो गये. बच्चों ने बताया कि सभी अपराधी हथियार से लैस थे और नकाब पहने हुए थे. सभी आपस में हिंदी में बात कर रहे थे. अपराधियों के भागने के बाद बच्चों ने मां-पिता व दादाजी को जगाया. फिर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मंगलवार तड़के बरवाअड्डा पुलिस पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है.चार अपराधी घर के बाहर कर रहे थे निगरानी
बच्चों ने पुलिस को बताया कि एक दर्जन अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. चार अपराधी घर के बाहर निगरानी कर रहे थे. सभी खाली पैर में थे और टी-शर्ट, जींस और हाफ पेंट पहने थे. .घटना से डरी-सहमी हैं रिटायर्ड जवान की मां
घटना के बाद से रिटायर्ड आर्मी जवान गणेश मिश्रा की वृद्ध माता रेणुकावाला देवी काफी डरी-सहमी हैं. वह कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है. घटना के बाद से वह रो रही हैं.
बुलेट खरीदने के लिए घर में रखे थे पैसे
भुक्तभोगी गणेश कुमार मिश्रा ने बताया कि एक-दो दिनों में नयी बुलेट बाइक खरीदनी थी. इसी को लेकर तीन लाख रुपये घर में रखा था. लेकिन अपराधी रुपये लूटकर फरार हो गये.
सीसीटीवी कैमरा किया क्षतिग्रस्त, डीवीआर ले गये
अपराधियों ने घर में घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे को तोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया. सीसीटीवी का डीवीआर खोल कर ले गये.
घटना से गांव में भय का माहौल
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे. घटना से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है. ग्रामीणों का कहना है कि लोकल लिंक की मदद से अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है. गांव के पास मैदान में रोजाना शाम में शराबियों का अड्डा लगता है. बाहर से कई लोग आते हैं और देर रात तक रुकते हैं. ग्रामीणों ने ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाने की मांग की है.
फोरेंसिक टीम ने शुरू की छानबीन
घटना की सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक टीम पहुंची. टीम ने फिंगर प्रिंट का सैंपल कलेक्शन किया. इस दौरान इंस्पेक्टर सीमा कुमारी, बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार मौजूद थे. बरवाअड्डा पुलिस ने यादवपुर, लोहार बरवा समेत अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की.
जल्द पकड़े जायेंगे अपराधी
इस संबंध में बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है. अपराधियों का पता लगाया जा रहा है. जल्द अपराधी पकड़े जायेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




