धनबाद : युवक ने पत्नी व बेटियों के साथ केरोसिन उड़ेल कर आत्मदाह की कोशिश की, पुलिस ने बचाया

Updated at : 26 Sep 2019 9:08 AM (IST)
विज्ञापन
धनबाद : युवक ने पत्नी व बेटियों के साथ केरोसिन उड़ेल कर आत्मदाह की कोशिश की, पुलिस ने बचाया

धनबाद डीसी ऑफिस की घटना. विधायक ढुलू महतो पर प्रताड़ना का आरोप लगाया धनबाद : बाघमारा रथटांड़, जयरामडीह स्कूल के पास रहनेवाले अख्तर हवारी ने बुधवार काे पूरे परिवार के साथ धनबाद डीसी ऑफिस परिसर में आत्मदाह करने की कोशिश की. हालांकि वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सभी काे बचा लिया. अख्तर ने बाघमारा विधायक ढुलू […]

विज्ञापन
धनबाद डीसी ऑफिस की घटना. विधायक ढुलू महतो पर प्रताड़ना का आरोप लगाया
धनबाद : बाघमारा रथटांड़, जयरामडीह स्कूल के पास रहनेवाले अख्तर हवारी ने बुधवार काे पूरे परिवार के साथ धनबाद डीसी ऑफिस परिसर में आत्मदाह करने की कोशिश की. हालांकि वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सभी काे बचा लिया. अख्तर ने बाघमारा विधायक ढुलू महताे पर प्रताड़ित करने का आराेप लगाया है. अख्तर हवारी ने 13 सितंबर को उपायुक्त अमित कुमार, एसएसपी किशोर कौशल और एसडीएम राज महेश्वरम को आवेदन देकर इसकी पूर्व सूचना दी थी. इसके मद्देनजर वहां सुरक्षाकर्मी तैनात थे.
बुधवार सुबह 11.30 बजे अख्तर हवारी अपनी पत्नी शाहिदा खातून, बेटी मुस्कान परवीन, आशमिन परवीन और रोजी परवीन के साथ उपायुक्त कार्यालय पहुंचे. अख्तर और उसकी पत्नी के हाथ में केरोसिन के डिब्बे थे.
कार्यालय पहुंचते ही दोनों ने अपने ऊपर केरोसिन डालना शुरू कर दिया. इसे देख वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत दाेनाें काे पकड़ लिया. फिर पूरे परिवार को उपायुक्त कार्यालय के अंदर ले जाया गया. बाद में धनबाद थाना के हवाले कर दिया गया. शाम को सभी काे छोड़ दिया गया.
विधायक पर लगाया आरोप
अख्तर ने बताया कि उसने बाघमारा ब्लॉक टू के एरिया टू, बेनीडीह स्थित शैली आउटसोर्सिंग कंपनी में 2014 से 2015 तक चालक का काम किया. उसकी तनख्वाह 16 हजार रुपये थी. 2016 में ढुलू महतो के चचेरे भाई किरण महतो ने शैली आउटसोर्सिंग कंपनी में रंगदारी शुरू की. उसने सभी चालक की तनख्वाह 16 हजार से कम करवा कर नौ हजार रुपये करा दिया. अख्तर ने जब इसका विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की गयी और उसे नौकरी से निकाल दिया गया. अख्तर ने इसकी शिकायत ढुलू महतो से की, तो विधायक ने भी उसे अपने घर से धक्का मार कर बाहर निकाल दिया. अख्तर ने बताया कि बाद में किरण महतो का विधायक ढुलू महतो से विवाद हो गया और वह वहां से हट गया, लेकिन उसे नौकरी नहीं मिली. अख्तर के अनुसार, उसने इस मामले की लिखित शिकायत कई जगह की, पर इंसाफ नहीं मिला.
आखिरी फैसला था जान देना
अख्तर हवारी ने बताया कि वह भुखमरी के कगार पर है. उसकी नौकरी चली गयी. विधायक ढुलू महतो के कारण उसे नौकरी नहीं मिल रही है. विधायक ने उसे जान मारने की धमकी भी दी है. दूसरे लोगों की तरह अगर वह भी रंगदारी देता, तो उसकी नौकरी बची रहती. अख्तर ने कहा कि विधायक ढुलू महतो बाघमारा में गरीबों से भी लूटपाट कर रहा है. कोई उसके डर से बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाता है. इसलिए उसने पूरे परिवार के साथ जान देने का आखिरी फैसला किया.
विधायक का जवाब
पूर्व मंत्री ओपी लाल, जलेश्वर महतो और विजय झा मुझे फंसाने और बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं. इन लोगों ने एक साल में मुझ पर सात मुकदमा दर्ज करवाया है. यह मामला भी उन्हीं के इशारे हो रहा है, ताकि मुझे फंसाया जा सके. मैं उस लड़के को जानता तक नहीं हूं. अगर पुलिस-प्रशासन युवक के कॉल डिटेल्स की जांच करे, तो सब सामने आ जायेगा.
ढुलू महतो, विधायक, बाघमारा
केजरीवाल ने दिया था जवाब : अख्तर ने बताया कि उसने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी इस मामले की शिकायत की थी. वहां से उसके पत्र का जवाब भी आया, पर इंसाफ नहीं मिला.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola