पंपू तालाब में मरी मिलीं सैकड़ों मछलियां व कछुए, इलाके में हड़कंप
Published by : BALRAM Updated At : 16 May 2026 9:08 PM
मधुपुर: पंपू तालाब में जहरीला पदार्थ डालने से सैकड़ों मछलियों की मौत, लाखों का नुकसान
मधुपुर. शहर स्टेशन रोड स्थित पंपू तालाब में शनिवार सुबह बड़ी संख्या में मछलियों, कछुओं और अन्य जलीय जीवों के मरे होने का मामला सामने आया है, जिससे हड़कंप मच गया. लोगों के अनुसार असामाजिक तत्वों द्वारा तालाब में जहर डाले जाने की आशंका जतायी जा रही है, जिसके चलते तालाब का पूरा पानी प्रदूषित हो गया और सैकड़ों जीवों की मौत हो गयी. सुबह जब आसपास के लोग तालाब पहुंचे तो उन्होंने पानी की सतह पर बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां और कछुए देखे. इसके बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी. मरी हुई मछलियों से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलने पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज और संबंधित विभाग के रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. बताया जा रहा है कि यह तालाब रेलवे द्वारा लंबे समय से खुली नीलामी के माध्यम से दिया जाता रहा है और यहां बड़े पैमाने पर मछली पालन किया जा रहा था. हालांकि, वर्तमान में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तालाब फिलहाल नीलामी लेने वाले व्यक्ति के अधीन है या रेलवे प्रशासन के पास. घटना के बाद मछली पालन करने वाले व्यक्ति को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जतायी जा रही है. स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि अमेरिका यादव ने मामले की जांच की मांग करते हुए जहर डालने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की अपील की है. साथ ही उन्होंने तालाब की तत्काल सफाई और पुनर्स्थापन की मांग भी की है. फिलहाल इस घटना को लेकर किसी भी पक्ष द्वारा आधिकारिक रूप से मामला दर्ज नहीं कराया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










