Deoghar news : जसीडीह में पुलिस टीम पर हमला कर दुष्कर्म के आरोपित को लोगों ने छुड़ाया

एसआइ उदय कुमार सिंह के बयान पर पांच नामजद समेत अज्ञात 8-10 महिला व पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज. आरोपितों पर पुलिस के हथियार छीनने के प्रयास व रोड़ेबाजी का आरोप है.
प्रभात खबर टोली, देवघर / जसीडीह . दुष्कर्म कांड के आरोपित की गिरफ्तारी व जांच पड़ताल करने जसीडीह थानांतर्गत एक गांव गये पुलिस पदाधिकारी सहित जवानों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस दौरान उपद्रवी ग्रामीण आरोपित को छुड़ा कर भाग निकले. घटना में ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के हथियार छीनने का भी प्रयास किया. वहीं पुलिस द्वारा लिये गये साक्षियों के बयान समेत घटनास्थल के विवरण व दर्ज प्राथमिकी की छायाप्रति को फाड़कर फेंक दिया. घटना को लेकर एसआइ उदय कुमार सिंह के स्वीकारोक्ति बयान पर जसीडीह थाने में पांच नामजद समेत 8-10 अज्ञात महिला पुरुष ग्रामीण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
शुक्रवार को पुलिस घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंची और साक्षियों का बयान लेकर निकल रही थी. इस बीच रास्ते में जानकारी मिली कि आरोपित साक्षियों को जान से मारने की धमकी दे रहे है. इसके बाद पुलिस लौटी और आरोपित को खदेड़ कर पकड़ लिया और गाड़ी के पास ले जा रही थी. यह देख अज्ञात महिला पुरुष के साथ सभी नामजद आरोपित गाली-गलौज करते हुए आये और ईंट पत्थर से हमला कर मारपीट करते हुए आरोपित को पुलिस गिरफ्त से छुड़ाकर भाग गये. आरोपितों पर पुलिसकर्मियों के हथियार छीनने के प्रयास का भी आरोप है. घटना को लेकर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी है. पुलिस टीम पर हमला कर हथियार छीनने के प्रयास व आरोपित छुड़ाने के मामले में तीन पुरुष व दो महिलाओं को नामजद और अज्ञात 8-10 महिला पुरुषों को आरोपित बनाया गया है.दुष्कर्म के आरोपित को गिरफ्तार करने पहुंची थी, उसी दौरान हुआ हमला
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एसआइ उदय कुमार सिंह अपने थाने के एएसआई अभय कुमार, पुलिसकर्मी अजय बास्की, महेश प्रसाद व चालक आरक्षी बिपिन कुमार यादव के साथ दुष्कर्म कांड के आरोपित की गिरफ्तारी के लिये उसके अंकित पते पर छापेमारी करने पहुंचे. इस क्रम में पुलिस टीम ने घटनास्थल की जानकारी लेकर साक्षियों के बयान भी अंकित किये. वहीं खदेड़कर आरोपित को पुलिस टीम ने पकड़ लिया और उसे गाड़ी के पास ले जा रहे थे. इस बीच ग्रामीणों ने गाली-गलौज कर ईंट-पत्थर से अचानक हमला कर दिया. घटना में पुलिस पदाधिकारी समेत पुलिसकर्मियों को चोट भी लग गयी. विदित हो कि बुधवार की रात जसीडीह थानांतर्गत एक गांव की महिला के साथ देशी कट्टा व रड का भय दिखाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था. इसके बाद महिला ने आरोपित पंकज दास व शंभु दास के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी. आरोप है कि घटना के दौरान आरोपित ने महिला के बच्चे पर देशी कट्टा सटा कर बारी-बारी से दुष्कर्म किया था.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




