Deoghar News : गोलीकांड में घायल हुए अधेड़ की मौत, पिस्तौल के साथ चार हिरासत में

Updated at : 10 Mar 2025 9:38 PM (IST)
विज्ञापन
Deoghar News : गोलीकांड में घायल हुए अधेड़ की मौत, पिस्तौल के साथ चार हिरासत में

रविवार देर रात में रिखिया थाना क्षेत्र के अठमोरिया में राजेंद्र पासी को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी थी. उसे इलाके के लिए बाहर ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गयी.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, देवघर : रविवार देर रात में रिखिया थाना क्षेत्र के अठमोरिया में मोसेरे भाई गोपाल पासी के घर के करीब 200 गज दूरी पर ही लकड़ीगंज गांव निवासी 45 वर्षीय राजेंद्र पासी को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी थी. प्राथमिक उपचार कराने के बाद सदर अस्पताल से रेफर किये जाने पर परिजन उसका बेहतर इलाज कराने बाहर ले जा रहे थे, उसी क्रम में एम्स देवघर के समीप रास्ते में उसकी मौत हो गयी. इसके बाद वे लोग राजेंद्र के शव को सदर अस्पताल ले आये. घटना को लेकर मृतक की पत्नी गोनवा देवी की शिकायत पर रिखिया थाने में छह नामजद व अन्य तीन-चार आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने छापेमारी की. उस क्रम में पिस्तौल के साथ पुलिस द्वारा चार आरोपितों के हिरासत में लिये जाने की चर्चा है. किंतु पुलिस के कोई पदाधिकारी यह पुष्टि नहीं कर रहे हैं. वहीं पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया है. अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस की छापेमारी अभी भी जारी है. इधर सोमवार को सदर अस्पताल के मेडिकल बोर्ड द्वारा राजेंद्र के शव का पोस्टमार्टम किया गया. पोस्टमार्टम में डॉक्टरों को उसके सिर के अंदर से गोली का एक अग्र भाग (पिलेट) मिला. वहीं उसके सिर में डॉक्टरों को एक अग्र भाग भी दिखा. पीएम बोर्ड में सदर अस्पताल के डीएस डॉ प्रभात रंजन सहित डॉ एके अनुज व डॉ रवि कुमार शामिल थे.

मृतक की पत्नी ने रिखिया थाने में दी गयी शिकायत में कहा है कि पति के मौसेरे भाई गोपाल पासी के लड़के की शादी में दोनों गये थे. देर रात 11 बजे वहां से दोनों पति-पत्नी देवर सुधीर पासी के साथ बाइक पर बैठ कर घर लौट रहे थे. उसी क्रम में एक बाइक सवार ने पति के मौसेरे भाई के घर से करीब 200 गज दूरी पर ओवरटेक कर उनलोगों की बाइक को रोक लिया. उक्त बाइक से हाथ में भुजाली लिये विनोद महथा उर्फ टेंटू महथा उतरा. इसी बीच दो बाइक पर सवार छह लोगों ने आकर उनलोगों को घेर लिया. एक बाइक में अमगड़िया निवासी सुधीर महथा, जितेंद्र उर्फ जेलु महथा और दूसरी बाइक पर लकड़ीगंज निवासी अरविंद महथा, पवन महथा व नारायण पासी सवार थे. पवन सहित नारायण व जेलु ने हाथ में पिस्टल ले रखा था. वहीं अरविंद व सुधीर के हाथ में तलवार था. सभी ने उनलोगों को घेर लिया. इसी बीच जितेंद्र उर्फ जेलु ने उसके पति के सिर में सटाकर गोली मार दिया. इसके बाद नारायण ने दहशत फैलाने के लिए तीन-चार राउंड हवाई फायरिंग की. हमलावरों में तीन-चार अज्ञात आरोपित भी शामिल थे. अज्ञात आरोपितों को वह नहीं पहचान सकी. गोली लगते ही राजेंद्र बाइक से गिर गया और उसकी पत्नी गोनवा देवी चीखने-चिल्लने लगी. आवाज सुनकर अठमोरिया निवासी गोविंद, अनिल व अन्य लोग दौड़कर पहुंचे. उनलोगों ने सभी हमलावरों को भागते हुए देखकर पहचान भी लिया. घटना को अंजाम देने जेलु अपनी पल्सर बाइक से पहुंचा था, जिसका नंबर मृतक की पत्नी ने पुलिस को उपलब्ध करा दी है. हमलावरों के भागने के बाद पति को इलाज कराने अन्य लोगों के साथ लेकर सदर अस्पताल पहुंची. इलाज के क्रम में ही उसके पति की मौत हो गयी. मामले में गोनवा देवी ने कार्रवाई की मांग की है.

छह साल पूर्व तांत्रिक के नाती हत्याकांड में जेल गया था राजेंद्र

छह साल पूर्व रिखिया थाना क्षेत्र के अमगड़िया निवाी तांत्रिक के नाती की बम मारकर हत्या कर दी गयी थी. उस कांड में राजेंद्र भी आरोपित बना थे और पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भी भेजी थी. कुछ साल जेल में रहने के बाद वह जमानत पर बाहर निकला था. सूत्रों के मुताबिक उस घटना के बाद से दोनों पक्षों में अदावत थी. इलाके में चर्चा यह भी है कि कहीं उस कांड का बदला लेने के लिए तो राजेंद्र की हत्या नहीं कर दी गयी. हालांकि पुलिस जांच से ही इससे पर्दा उठ सकेगा.

हाइलाइट्स

मृतक राजेंद्र पासी की पत्नी गोनवा देवी की शिकायत पर छह नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा किया बरामद

पोस्टमार्टम में राजेंद्र के सिर में मिला एक गोली का अग्र भाग

दो गोली मारी गयी थी उसके सिर में, एक एक्जिट भी दिखा पीएम बोर्ड के डॉक्टरों को

सदर अस्पताल के मेडिकल बोर्ड द्वारा किया गया राजेंद्र के शव का पोस्टमार्टम

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola