मधुपुर में सिरियल बम धमाके मामले का पुलिस ने किया उद्भेदन, दो गिरफ्तार

मधुपुर थाना क्षेत्र के लखना व पोखरिया डोमागढ़ा का मामला
मधुपुर. थाना क्षेत्र के लखना व पोखरिया डोमागढ़ा में लगातार तीन जगह एक सप्ताह पूर्व हुए बम विस्फोट मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. घटना को अंजाम देने वाले देवघर के हिरणा निवासी छोटू मल्लिक और मधुपुर के लालगढ़ निवासी जावेद शेख को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. बताया जाता है कि पुलिस ने छोटू मल्लिक को गिरिडीह जिले के गांडेय स्थित उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया है. बताया जाता है कि बम धमाका करने में छोटू के साथ चार अपराधी शामिल थे. मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. घटना का मुख्य कारण जुआ अड्डा पर वर्चस्व कायम करना बताया जा रहा है. जावेद शेख भी घटना में छोटू के साथ था. दरअसल, मधुपुर के लालगढ़ क्षेत्र में पिछले कुछ समय से जुआ अड्डा संचालन किया जा रहा था. जुआ अड्डा किसी कारणवश पोखरिया क्षेत्र में चला गया था. इसी विवाद में पोखरिया और लखना मोहल्ले में दहशत फैलाने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया गया. पुलिस घटना में संलिप्त बदमाशों को पकड़ने के लिए टेक्निकल सेल की मदद ले रही थी. टेक्निकल सेल के आधार पर ही दो आरोपियों को पकड़ा गया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले में संलिप्त सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. बताते चले कि बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने पिछले 8 दिसंबर की शाम को लखना मोहल्ला स्थित परवीन नर्सिंग होम की दीवार पर, नौशाद अंसारी के गेट पर बम फेंक कर धमाका किया था. इसके बाद इसी रास्ते होकर पोखरिया डोमागढ़ा निवासी नीलू देवी के घर के पास बम धमाका किया था. तब मोहल्लेवासियों ने बताया था कि बाइक पर सवार अज्ञात बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है. चार जगह पर बम फेंका था, लेकिन एक बम नहीं फटा जिसे पुलिस ने बरामद कर साथ ले गयी थी. इस संबंध में इंस्पेक्टर इंचार्ज त्रिलोचन तामसोय ने अपने फर्द बयान पर थाना में मामला दर्ज किया था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




