सरकारी गाइडलाइन के तहत ही अखाड़ा जुलूस निकालें: एसडीओ

मधुपुर थाना में शांति समिति की बैठक: रामनवमी को लेकर पुलिस ने की सहयोग की अपील
मधुपुर. रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में एक बैठक आयोजित की. इसमें अनुमंडल क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र के जनप्रतिनिधि शामिल हुए. इस दौरान एसडीओ राजीव कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही निकाले जायें. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और प्रेम के साथ पर्व मनाने की अपील की. उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया और चेतावनी दी कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी. बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, जुलूस मार्गों की समीक्षा करने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. इसके अलावा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिये गये. साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. एसडीओ ने कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कू को शहरी क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था करने का निर्देश दिया. वहीं, प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश भी जारी किये. एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद ने कहा कि सभी अखाड़ा समितियां निर्धारित समय और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही जुलूस निकालें. उन्होंने प्रत्येक समिति को अपने स्तर पर दस-दस वालंटियर तैनात करने का सुझाव दिया, ताकि विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग मिल सके. साथ ही जुलूस की वीडियोग्राफी अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए गए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के आदेशानुसार डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर संतोष कुमार गुप्ता ने सभी पूजा समितियों को सरकारी मापदंडों से अवगत कराते हुए उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा. मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष दरक्शां परवीन, उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज, अंचलाधिकारी मधुपुर यमुना रविदास, बीडीओ मधुपुर अजय कुमार दास, महिला थाना प्रभारी ललिता कुजूर, बुढ़ैई थाना प्रभारी रुपेश कुमार महतो, मारगोमुंडा थाना प्रभारी शशि कपूर, पथरोल थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिलुंग, करौ थाना प्रभारी दीपक कुमार भारती सहित सारठ, पालोजोरी, चितरा के थाना प्रभारी, बीडीओ और सीओ आदि मौजूद थे. हाइलार्ट्स : रामनवमी में विधि व्यवस्था संधारण के लिए एसडीओ ने की बैठक रामनवमी को लेकर मधुपुर प्रशासन सख्त, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां थाना में शांति समिति की बैठक: रामनवमी को लेकर पुलिस ने की सहयोग की अपील
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




