कहीं प्रभात फेरी, तो कहीं पौधरोपण कार्यक्रम
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 05 Jun 2026 9:47 PM
अधिक से अधिक पौधे लगायें, पर्यावरण बचायें : उपायुक्त
: अधिक से अधिक पौधे लगायें, पर्यावरण बचायें : उपायुक्त चतरा. जिले में विश्व पर्यावरण दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कहीं प्रभात फेरी, तो कहीं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया. मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय में हुआ. जतराहीबाग चौक से इको पार्क तक प्रभात फेरी निकाली गयी. कार्यक्रम का आयोजन वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के तत्वावधान में किया गया, जिसमें उपायुक्त रवि आनंद, एसपी अनिमेष नैथानी, डीएफओ मुकेश कुमार समेत कई लोग शामिल हुए. प्रभात फेरी इको पार्क पहुंची, जहां कार्यक्रम का आयोजन किया गया. विभिन्न प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया. इसके बाद पौधरोपण किया गया. साथ ही पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन, जैव विविधता के संरक्षण व अधिकाधिक पौधारोपण के प्रति सभी को सामूहिक शपथ दिलायी गयी. उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का विभिन्न हिस्सा होना चाहिए. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने, जल एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने व आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में सामूहिक प्रयास का आह्वान किया. मौके पर एसी अरविंद कुमार, एसडीपीओ सन्नी वर्धन, डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह, प्रभारी वनपाल कमल किशोर, धर्मेंद्र कुमार, रोहित प्रसाद, प्रधान वनरक्षी अनुज कुमार समेत कई पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे. जिला मुख्यालय के अलावा सिमरिया, इटखोरी, हंटरगंज, टंडवा, प्रतापपुर, गिद्धौर, पत्थलगड्डा, मयूरहंड, कुंदा, कान्हाचट्टी, लावालौंग प्रखंड में भी विश्व पर्यावरण दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये. एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण : नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकास भवन के पीछे स्थित हरलाल तालाब के समीप पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत कई फलदार व छायादार पौधे लगाये गये. मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त रवि आनंद उपस्थित हुए. अधिकारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया. उपायुक्त ने आम जनों से पौधरोपण को जन आंदोलन का रूप देने व प्रत्येक व्यक्ति को एक-एक पौधा लगाकर संरक्षण का दायित्व निभाने की बात कही. मौके पर डीडीसी अमरेंद्र कुमार सिन्हा, एसी, डीपीओ शिशिर कुमार पंडित, डीआरडीए डायरेक्टर अलका कुमारी, प्रधान सहायक डीआरडीए सुशील कुमार, सहायक परियोजना पदाधिकारी प्रदीप कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










