ePaper

राजकीय इटखोरी महोत्सव का आज होगा भव्य उद्घाटन, तीन दिनों तक रंगारंग कार्यक्रमों की धूम, देखें खास तस्वीरें

Updated at : 19 Feb 2026 9:19 AM (IST)
विज्ञापन
Itkhori Festival 2026

राजकीय इटखोरी महोत्सव के लिए सजा मंच और मंचासीन पुलिस-प्रशासन के पदाधिकारीगण. फोटो: प्रभात खबर

Itkhori Festival 2026: झारखंड के चतरा जिले के इटखोरी में 19 से 21 फरवरी तक राजकीय इटखोरी महोत्सव का आयोजन होगा. मां भद्रकाली मंदिर परिसर में गंगा आरती, ड्रोन शो और देशभर के कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी. कैलाश खेर और कल्पना पटवारी जैसे प्रसिद्ध गायक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

चतरा से दीनबंधू और इटखोरी से विजय शर्मा की रिपोर्ट

Itkhori Festival 2026: चतरा जिले के इटखोरी प्रखंड स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के केंद्र मां भद्रकाली मंदिर परिसर में 19, 20 और 21 फरवरी को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव–2026 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जिला प्रशासन ने सुरक्षा, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति, पेयजल, पार्किंग, यातायात नियंत्रण और सांस्कृतिक मंच की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है.

मुख्य अतिथि के आगमन के साथ होगा भव्य उद्घाटन

मां भद्रकाली मंदिर के पास कार्यक्रम स्थल का मुख्य द्वार. फोटो: प्रभात खबर

19 फरवरी को अपराह्न 3:00 बजे मुख्य अतिथि के आगमन, दर्शन-पूजन और विधिवत उद्घाटन के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा. उद्घाटन सत्र में सुषमा नाग और स्वागतम् ग्रुप द्वारा पारंपरिक कड़सा लोकनृत्य-गीत की प्रस्तुति दी जाएगी. स्थानीय संस्कृति की झलक से कार्यक्रम की शुरुआत दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी.

वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती

कार्यक्रम स्थल पर मंचासीन पुलिस-प्रशासन के पदाधािकारीगण. फोटो: मो तसलीम, प्रभात खबर

उद्घाटन के बाद सायं 4:30 से 5:30 बजे तक मुहाने नदी तट पर वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती आयोजित की जाएगी. धार्मिक वातावरण और मंत्रोच्चार के बीच दीपों की जगमगाहट श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराएगी. प्रशासन ने आरती स्थल पर सुरक्षा, प्रकाश और बैरिकेडिंग की विशेष व्यवस्था की है.

लोक और शास्त्रीय कलाओं का संगम

पहले दिन शाम को विपिन मिश्रा एवं समूह द्वारा शंख और डमरू वादन प्रस्तुत किया जाएगा. इसके बाद मानभूम छऊ नृत्य, बुटन देवी एवं दल द्वारा झुमर नृत्य, अनुपम गिरी और सुधीर कुमार पाण्डे की गायन प्रस्तुति तथा कर्नाटक का यक्षगान मंचित होगा. विविध संस्कृतियों का यह संगम महोत्सव को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करेगा. सायं 7:20 से 7:35 बजे तक आकाश में आकर्षक ड्रोन शो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा. इसके बाद पाईका नृत्य, आरम्भ बैंड (हजारीबाग) तथा रोहित आर.के. ग्रुप और नितेश कच्छप द्वारा रात्रि 11:00 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी.

दूसरे दिन सेमिनार और बॉलीवुड की शाम

इटखोरी महोत्सव-2025 में परफॉर्मेंस करते कैलाश खेर. फाइल फोटो: प्रभात खबर

20 फरवरी को दोपहर 1:00 से 3:00 बजे तक बौद्धिक सेमिनार का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्रीय इतिहास, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत पर चर्चा की जाएगी. सायंकालीन सत्र में शिवानी पाण्डे, अग्रिमा गुप्ता, सुप्रिया डांस ग्रुप, कुमारी दित्या, माधवी गुप्ता और दीप्ती मिश्रा अपनी प्रस्तुतियां देंगी. ओड़िशा का गोटीपुवा नृत्य, ओड़िसी लोकनृत्य, सिमरन शाह डांस ग्रुप द्वारा कृष्ण भक्ति नृत्य और कथक नृत्य भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे. रात्रि 9:00 से 11:00 बजे तक सुप्रसिद्ध बॉलीवुड गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति देंगे, जो दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण रहेगा.

तीसरे दिन प्रदर्शनी और सांस्कृतिक समापन

21 फरवरी को प्रातः 11:00 बजे प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा, जो महोत्सव की अवधि तक जारी रहेगी. इसमें स्थानीय हस्तशिल्प, कला, कृषि उत्पाद और सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे. सायंकालीन कार्यक्रम में साक्षी प्रिया दुबे, गोण्ड नृत्य, सुखराम पाहन एवं दल द्वारा मुण्डारी नृत्य, मृनालनी अखौरी, तमिलनाडु का भरतनाट्यम और थापाट्टम प्रस्तुत किया जाएगा. इसके अलावा बॉलीवुड गायक रवि त्रिपाठी और किस्सु राहुल डांस ग्रुप अपनी प्रस्तुति देंगे. रात्रि 9:15 से 11:00 बजे तक सुप्रसिद्ध भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी की प्रस्तुति होगी. इसके बाद रात्रि 11:00 बजे समापन समारोह आयोजित किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: रांची निकाय चुनाव में बदला आरक्षण का फॉर्मूला, लेकिन राजनीति में परिवारवाद हावी

उपायुक्त ने लिया तैयारियों का जायजा

राजकीय इटखोरी महोत्सव का जायजा लेतीं चतरा जिले की उपायुक्त कीर्तिश्री. फोटो: प्रभात खबर

महोत्सव की अंतिम तैयारियों का निरीक्षण करने हेतु उपायुक्त कीर्तिश्री ने जिला स्तरीय अधिकारियों और दंडाधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया. मुख्य मंच परिसर में पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग कर सभी को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी दी गई. उपायुक्त ने विशेष रूप से मुहाने नदी तट पर प्रस्तावित गंगा आरती की तैयारियों की समीक्षा की और सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए. तीन दिनों तक चलने वाला यह राजकीय इटखोरी महोत्सव न केवल सांस्कृतिक विविधता का उत्सव है, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा देने वाला आयोजन साबित होगा.

इसे भी पढ़ें: मैट्रिक परीक्षा के बाद लापता चार नाबालिग छात्रा बरामद, डालटनगंज से हुई थीं गायब

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola