मैट्रिक परीक्षा के बाद लापता चार नाबालिग छात्रा बरामद, डालटनगंज से हुई थीं गायब

मैट्रिक की परीक्षा देने के बाद गायब हो गई थीं चार नाबालिग छात्राएं. एआई जेनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर.
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र से मैट्रिक परीक्षा के बाद लापता हुई चार नाबालिग छात्राओं को पुलिस ने 24 घंटे में मध्य प्रदेश के कटनी से बरामद कर लिया. छात्राएं सुरक्षित हैं और कानूनी प्रक्रिया के बाद घर लौटेंगी. मामले की जांच जारी है. पूरी खबर नीचे पढ़ें.
पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu News: पलामू जिला पुलिस ने चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की लापता चार नाबालिग छात्राओं को रेस्क्यू कर लिया है. ये चारों छात्राएं मैट्रिक परीक्षा के दौरान अचानक लापता हो गईं. सोमवार को सभी छात्राएं परीक्षा देने के लिए डालटनगंज गई थीं. परीक्षा समाप्त होने के बाद वे घर नहीं लौटीं, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया. देर शाम तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार के एक सदस्य ने चैनपुर थाना में मामला दर्ज कराया.
परीक्षा केंद्र से ट्रेन पकड़कर हुईं रवाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि परीक्षा देने के बाद चारों छात्राएं स्टेशन पहुंचीं. वहां से ट्रेन पकड़कर दूसरे राज्य के लिए रवाना हो गईं. पुलिस को सूचना मिली कि छात्राएं मध्य प्रदेश के कटनी के लिए ट्रेन में सवार हुई थीं. घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. परिजन चिंतित थे और लगातार पुलिस से संपर्क बनाए हुए थे.
24 घंटे में पुलिस ने लगाया सुराग
चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर खोजबीन तेज कर दी. महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने चारों छात्राओं का लोकेशन ट्रेस कर लिया. पता चला कि वे मध्य प्रदेश के कटनी पहुंच चुकी हैं और वहां चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की निगरानी में हैं.
पुलिस टीम परिजनों के साथ कटनी रवाना
थाना प्रभारी ने तत्काल एक विशेष टीम गठित की और छात्राओं के परिजनों के साथ कटनी भेजा. पुलिस टीम वहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है. अधिकारियों के अनुसार सभी छात्राएं सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की अनहोनी की सूचना नहीं है. पूरी प्रक्रिया के बाद चारों को वापस चैनपुर लाया जाएगा.
कारणों की जांच जारी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्राएं किस कारण से और किसके साथ घर से दूर चली गईं. पुलिस का कहना है कि छात्राओं से पूछताछ के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी ने उन्हें बहलाकर तो नहीं ले जाया गया.
प्रशासन ने अभिभावकों से की अपील
इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और परीक्षा जैसे संवेदनशील समय में विशेष सतर्कता बरतें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहराई से जांच की जाएगी और यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: रांची में मेयर पद के दावेदारों ने दिखाया विजन, जनता ने पूछा – कैसे करेंगे विकास?
घटना ने इलाके में चिंता का माहौल जरूर पैदा किया है, लेकिन त्वरित पुलिस कार्रवाई से चारों छात्राओं का सुरक्षित पता लगना राहत की बात है. अब सभी की नजर इस पर है कि पूछताछ में आखिर क्या सच्चाई सामने आती है.
इसे भी पढ़ें: रांची निकाय चुनाव में बदला आरक्षण का फॉर्मूला, लेकिन राजनीति में परिवारवाद हावी
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




