Chaibasa News : ग्रामीणों ने मंत्री बिरुवा को रोककर ज्ञापन सौंपा, विजय टू खदान चालू करायें, वरना सड़क और रेल मार्ग रोकेंगे

Published by : AKASH Updated At : 05 Sep 2025 10:58 PM

विज्ञापन

टाटा स्टील की विजय-टू खदान चालू कराने की मांग पर ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो रहा है.

विज्ञापन

गुवा.

टाटा स्टील की विजय-टू खदान चालू कराने की मांग पर ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो रहा है. खदान बंद होने से क्षेत्र की आर्थिक स्थिति खराब होने लगी है. नाराज ग्रामीण, ट्रक मालिक, खलासी व मजदूरों ने शुक्रवार को गुवा के हाथी चौक पर धरना-प्रदर्शन किया. इसका नेतृत्व प्रमुख पूनम गिलुवा ने किया. ग्रामीणों ने कहा कि दुर्गापूजा के पहले खदान चालू नहीं हुई, तो सड़क और रेल चक्का जाम करने को विवश होंगे. इस बीच किसी काम से गुवा आ रहे मंत्री दीपक बिरुवा का ग्रामीणों ने घेराव कर ज्ञापन सौंपा. उन्होंने मंत्री से कहा कि खदान बंद होने से रोजगार के अवसर खत्म हो गया है. आजीविका पर गहरा असर पड़ा है. ग्रामीणों ने खदान शीघ्र चालू करने, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की मांग रखी. मंत्री ने ग्रामीणों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं. आश्वासन दिया कि इस मामले को सरकार और संबंधित विभाग के स्तर पर उठाया जायेगा. जल्द सकारात्मक समाधान निकलेगा.

परिवार के लिए पलायन को विवश हैं लोग

ग्रामीणों का कहना है कि खदान बंद होने से हजारों परिवार बेरोजगार हो गये हैं. लोगों के समक्ष रोटी का संकट है. अपना व परिवार का पेट पालने के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है. ट्रक मालिक, ड्राइवर व खलासी ने खदान शीघ्र चालू करने, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने और क्षेत्रीय विकास योजनाओं को लागू करने की मांग रखी.

30 गांवों के ग्रामीण करीब साढ़े तीन घंटे तक जमे रहे

यह आंदोलन सुबह 9:00 से दोपहर 12:30 बजे तक चला. आंदोलन करने वालों में सारंडा पीढ़ मानकी लागुड़ा देवगम, बोकना गांव के मुंडा विक्रम चाम्पिया, किरीबुरु पूर्वी मुखिया मंगल गिलुवा, नोवामुंडी प्रखंड प्रमुख पूनम गिलुवा, मुंडा कानूराम देवगम, मुंडा कुसू देवगम, उप मुखिया रमेश हांसदा, मुंडा रोमा सिद्धू, सोनापी गांव मुंडा प्रीति सुरीन, समूह हांसदा, धर्मेंद्र गुप्ता, रूपा खान, बुधराम पूर्ति सहित 30 गांवों के ग्रामीण, मुंडा, मानकी, ट्रक मालिक ड्राइवर खलासी व मजदूर मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKASH

लेखक के बारे में

By AKASH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola