अस्पताल में वृद्धा के इलाज के लिए चिल्लाते रही पुलिस, नहीं आया कोई स्वास्थ्य कर्मी, फिर आगे आए ये अधिकारी
वृद्धा को अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस.
जगन्नाथपुर सीएचसी में घायल वृद्धा को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा. बीडीओ और थाना प्रभारी के गुहार लगाने के बाद भी स्वास्थ्य कर्मियों ने नहीं की मदद.
जगन्नाथपुर : दर्द से कराहती एक बेबस वृद्धा मंगलवार को जगन्नाथपुर में घंटों मदद का इंतजार करती रही. शरीर पर पर्याप्त कपड़े तक नहीं थे. हालत इतनी खराब थी कि वह खुद उठकर चल भी नहीं पा रही थी. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन यहां भी काफी देर तक पुलिस आवाज लगाते रही लेकिन कोई स्वास्थ्य कर्मी नहीं आया. उसे तत्काल मदद नहीं मिली. आखिरकार प्रखंड विकास पदाधिकारी अंबिका कुमारी ने खुद आगे बढ़कर वृद्धा को संभाला और इलाज शुरू कराया.
सड़क किनारे लहूलुहान मिली वृद्धा
जगन्नाथपुर मुख्य बाजार में लंबे समय से भटक रही अज्ञात वृद्धा मंगलवार को उरांव साई जाने वाली सड़क के किनारे पुलिया के पास घायल और लहूलुहान हालत में मिली. उसके शरीर पर पर्याप्त कपड़े भी नहीं थे. वह दर्द से कराह रही थी और पूरी तरह असहाय नजर आ रही थी. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जगन्नाथपुर थाना को दी. थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास पुलिस वाहन से वृद्धा को जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे.
अस्पताल पहुंची तो शुरू हुआ मदद का इंतजार
पुलिसकर्मी वृद्धा को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन आरोप है कि काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई स्वास्थ्यकर्मी या फोर्थ ग्रेड कर्मी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया. घायल वृद्धा अस्पताल में पड़ी रही और पुलिसकर्मी स्वास्थ्य कर्मियों को बुलाते रहे. इसी बीच मामले की जानकारी मिलने पर BDO अंबिका कुमारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं. वृद्धा की हालत देखकर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को फटकार लगायी और तत्काल उपचार शुरू करने का निर्देश दिया.
जब कोई नहीं आया तो BDO ने खुद उठाया जिम्मा
निर्देश के बावजूद जब कोई फोर्थ ग्रेड कर्मी वृद्धा को उठाने आगे नहीं आया, तो BDO ने खुद पहल की. उन्होंने वृद्धा के लिए कपड़ों की व्यवस्था करायी और पुलिस वाहन से उसे खुद उठाकर स्ट्रेचर तक पहुंचाया. इसके बाद वृद्धा को ओपीडी ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया. इस पूरे घटनाक्रम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वृद्धा के साथ हुई कथित लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए BDO ने CHC के प्रभारी चिकित्सक डॉ. जोसेफ मेलगांडी से वहां कार्यरत सभी फोर्थ ग्रेड कर्मियों की सूची तलब की है.
मानसिक रूप से अस्वस्थ बतायी जा रही वृद्धा
बताया जाता है कि वृद्धा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. वह काफी समय से जगन्नाथपुर क्षेत्र में भटकती रहती है. ऐसे में उसके लिए अस्पताल और प्रशासनिक व्यवस्था ही सबसे बड़ा सहारा होनी चाहिए थी. लेकिन जिस हालत में वह अस्पताल पहुंची, वहां भी उसे मदद के लिए इंतजार करना पड़ा. एक बेबस वृद्धा की यह तस्वीर सिर्फ एक मरीज की कहानी नहीं, बल्कि हमारी स्वास्थ्य व्यवस्था में मानवीय संवेदना की भी परीक्षा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष कुमार गुप्ता
पत्रकारिता क्षेत्र में 24 वर्षों का समृद्ध अनुभव . क्राइम, राजनीतिक व प्रखंड तथा अंचल से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










