Chaibasa News : ठंड में इजाफा, सरकारी राहत का इंतजार

Published by : AKASH Updated At : 17 Nov 2025 11:32 PM

विज्ञापन

चाईबासा. विभाग ने ठंड से राहत दिलाने के लिए भेजी निविदा, दिसंबर में कंबल बंटने की संभावना

विज्ञापन

चाईबासा.

पश्चिमी सिंहभूम जिले में सर्दी लगातार बढ़ती जा रही है. न्यूनतम तापमान घटकर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास है. देर शाम ठंडी हवाओं के साथ कनकनी महसूस होने लग रही है. महिलाओं और स्कूली बच्चों को खासी परेशानी हो रही है. अभिभावक स्कूल के समय में बदलाव की मांग कर रहे हैं. वहीं, बेघर और असहाय लोग सुबह-शाम सड़क किनारे अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं.

ठंड से बचाव के लिए अभी सरकारी स्तर पर अलाव या कंबल वितरण की कोई व्यवस्था शुरू नहीं की गयी है. जिला समाज कल्याण विभाग ने बढ़ती ठंड को देखते हुए 11 नवंबर को 41,910 कंबलों की निविदा जारी की है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है. विभाग को उम्मीद है कि निविदा प्रक्रिया 10 दिसंबर तक पूरी हो जायेगी, जिसके बाद ही कंबलों का वितरण संभव हो सकेगा. निविदा लंबित रहने के कारण जिले के 18 प्रखंडों की 217 पंचायतों और नगर परिषद क्षेत्र में भी वितरण कार्य शुरू नहीं हो सका है.

पिछले साल वितरित हुए थे 2,370 कंबल

पिछले वर्ष नगर परिषद की ओर से 2,370 जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किये गये थे. नगर परिषद प्रशासक संतोषनी मुर्मू ने बताया कि इस वर्ष समाज कल्याण विभाग की ओर से अभी तक कंबल उपलब्ध नहीं कराये गये हैं. उम्मीद है कि दिसंबर में वितरण कार्य शुरू हो सकेगा.

रैनबसेरों में ताला, विभाग बोला-आश्रय गृह की व्यवस्था की गयी

पूर्व में शहर में आधा दर्जन रैनबसेरा हुआ करते थे, जहां जरूरतमंद लोग ठंड से बचाव के लिए ठहरते थे. लेकिन रख-रखाव के अभाव में अधिकतर रैनबसेरे जर्जर या ध्वस्त हो चुके हैं. अमला टोला स्थित रैनबसेरे में ताला लटका है. नगर परिषद प्रशासक के अनुसार, अब जरूरतमंदों के लिए मंगलाहाट परिसर में आश्रय गृह की व्यवस्था की गयी है, जहां ठहरने व सोने की उचित सुविधा उपलब्ध है.कंबलों की निविदा भरकर भेज दी गयी है. निविदा फाइनल होने के बाद पंचायतों में कंबलों का वितरण किया जा सकेगा. उम्मीद है कि 10 दिसंबर के आसपास निविदा फाइनल हो सकती है.

-सुखेंद्र सोन केसरी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKASH

लेखक के बारे में

By AKASH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola