Chaibasa News : जगन्नाथपुर की महिला से मैट्रिमोनियल साइट से संपर्क कर दो लाख की ठगी, गिरफ्तार

Published by : AKASH Updated At : 22 Nov 2025 11:29 PM

विज्ञापन

आपत्तिजनक वीडियो व फोटो लेकर किया ब्लैकमेल

विज्ञापन

जगन्नाथपुर

.

जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र की महिला से मैट्रिमोनियल साइट पर संपर्क कर दो लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी और ब्लैकमेलिंग के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी सौरभ गुमा उर्फ नंदन कुमार (25 वर्ष) फिलहाल बोकारो में रहता है. वह मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद निवासी है. उसने शादी डॉट कॉम पोर्टल से पीड़िता का नंबर लिया. इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिये पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें प्राप्त की.

इन तस्वीरों और वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल करते हुए दो माह में उससे करीब 2 लाख रुपये ठग लिये. पीड़िता ने 21 नवंबर, 2025 को जगन्नाथपुर थाना में लिखित शिकायत की. इसके आधार पर जगन्नाथपुर थाना कांड संख्या 70/25, धारा 318, 319, 336, 351, 362, 308 बीएनएस एवं 66(सी)(डी)(ई)/67/67A आइटी एक्ट 2000 के तहत प्राथमिकी दर्ज की. इसके बाद एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू के नेतृत्व में टीम बनी. पुलिस ने बोकारो जिले के कथारा ओपी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया.

आरोपी के फोन से जाली पहचान पत्र व आपत्तिजनक सामग्री मिली

आरोपी के पास से एक स्मार्टफोन बरामद हुआ है. इसमें जाली पहचान पत्र, कई महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो/फोटोग्राफ, भारी मात्रा में क्यूआर कोड और पैसों के ऑनलाइन लेन-देन के विवरण पाये गये हैं. पीड़िता से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री और लेन-देन का विवरण भी मिला है. आरोपी सौरभ गुमा का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध पलामू साइबर क्राइम थाना में भी मामला (कांड संख्या 23/24) दर्ज है.

साइबर ठगी होने पर शिकायत करें : एसडीपीओ

एसडीपीओ राफेल मुर्मू ने आम जनता से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 1930 / डायल-112 पर कॉल करें. नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज करायें. अपनी निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ सोशल मीडिया पर साझा न करें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKASH

लेखक के बारे में

By AKASH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola