आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को बनाएं सफल : उपायुक्त

Updated at : 22 Aug 2024 11:01 PM (IST)
विज्ञापन
आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को बनाएं सफल : उपायुक्त

सभी बीडीओ समेत विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी के साथ की बैठक, 30 अगस्त से 15 सितंबर तक होगा कार्यक्रम का आयोजन

विज्ञापन

बोकारो, समाहरणालय सभागार में उपायुक्त विजया जाधव ने गुरुवार को सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों समेत विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी के साथ बैठक की. 30 अगस्त से 15 सितंबर तक होने वाले आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिया. डीसी श्रीमती जाधव ने कहा कि यह सरकार की महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है, सरकार की ओर से संचालित सभी योजनाओं का लाभ आहर्ता पूर्ण करने वाले लोगों तक पहुंचाना इसका उद्देश्य है. इसलिए इसके आयोजन व प्राप्त आवेदन, मामलों के निष्पादन में किसी भी तरह की कोई लापरवाही किसी भी स्तर से नहीं हो. सभी बीडीओ व सीओ कार्यक्रम को लेकर दिनांक वार पंचायत शिविर की सूची जिला को समर्पित करें. जिला व राज्य स्तर से सीधे कार्यक्रम की निगरानी होगी. कार्यक्रम को लेकर प्रखंड-पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा. डीसी श्रीमती जाधव ने कार्यक्रम को लेकर राज्य से प्राप्त दिशा-निर्देश से सभी को अवगत कराया. डीसी ने कहा कि कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर में सभी लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जायेगी. संबंधित योजना का आवेदन आमजनों से प्राप्त करना है. साथ ही, आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जायेगा. शिविर में कल्याण मंच बनाया जाएगा, जहां लाभुकों को योजना का स्वीकृति पत्र व परिसंपत्ति का वितरण किया जायेगा.

इन पर रहेगा फोकस

कार्यक्रम के तहत आवेदन पत्र प्राथमिकता के आधार पर प्राप्त किये जायेंगे. इसमें झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, अबुआ आवास योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, हरा राशन कार्ड, बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र व अन्य को लेकर फोकस किया जायेगा. सभी योजनाओं से संबंधित प्रखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मी शिविर में उपस्थित होंगे. जिले से भी सहयोग के लिए भी अधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया जायेगा.

जिले के सभी प्रखंडों से योजना के लाभुक हजारीबाग होंगे रवाना

डीसी ने शनिवार को हजारीबाग में होने वाले झारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना प्रथम किस्त वितरण कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिले की तैयारी की समीक्षा की. प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम में जिला के सभी प्रखंडों से योजना के लाभुक हजारीबाग के लिए रवाना होंगे. उक्त कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे. डीसी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी व शहरी क्षेत्र के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी, अपर नगर आयुक्त से तैयारी, लाभुकों की संख्या आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की. उन्होंने सभी बीडीओ व सीओ को लक्ष्य अनुरूप लाभुकों को प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम में ले जाने का निर्देश दिया. इसको लेकर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. डीसी श्रीमती जाधव ने कहा : लाभुकों को किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्हें नास्ता, फूड पैकेट, पानी आदि बस रवानगी से पूर्व उपलब्ध हो. वहीं, प्रखंड से रवाना होने वाले बसों की टुकड़ी के साथ मेडिकल टीम को टैग करने का निर्देश दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola