Bokaro News : चार दिनों से फुसरो में पेयजल आपूर्ति ठप, बिजली संकट भी बरकरार

Published by :MANOJ KUMAR
Published at :03 May 2026 1:47 AM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : चार दिनों से फुसरो में पेयजल आपूर्ति ठप, बिजली संकट भी बरकरार

Bokaro News : लाखों लोग पानी के लिए परेशान, वैकल्पिक बिजली व्यवस्था की उठी मांग

विज्ञापन

Bokaro News : प्रतिनिधि, फुसरो नगर. फुसरो सबस्टेशन से जुड़े फुसरो, पिछरी व भंडारीदह क्षेत्र में आंधी-पानी के चार दिन बाद भी बिजली व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है. शनिवार को भी इलाके में बिजली संकट बरकरार रहा. लगातार ट्रिपिंग और अनियमित बिजली आपूर्ति से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. आंधी-पानी के बाद क्षेत्र में तीन दिनों तक पूरी तरह ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही. शुक्रवार शाम कुछ इलाकों में बिजली बहाल भी हुई, लेकिन 10 से 15 मिनट के अंतराल में लगातार ट्रिपिंग होने से लोगों को राहत नहीं मिल सकी. बिजली संकट का सबसे अधिक असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ा है. फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में पिछले चार दिनों से जलापूर्ति भी पूरी तरह ठप है. इससे लाखों लोग पानी के लिए परेशान हैं. फुसरो शहरी जलापूर्ति योजना से जुड़े करीब 12 हजार उपभोक्ताओं के घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है.

बिजली आपूर्ति सामान्य होने पर ही नियमित जलापूर्ति संभव : प्रोजेक्ट मैनेजर

फुसरो नगर परिषद के प्रोजेक्ट मैनेजर नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जब तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं होती, तब तक नियमित जलापूर्ति बहाल कर पाना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि दामोदर नदी से विभिन्न जलमीनारों तक पानी पहुंचाने और उसका भंडारण करने के लिए लगातार कई घंटे बिजली की आवश्यकता होती है. उन्होंने बताया कि बिजली बार-बार बाधित होने के कारण जलमीनारों में पर्याप्त पानी का भंडारण नहीं हो पा रहा है. इसके अलावा फिल्टर प्लांट सहित अन्य तकनीकी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं.

जलापूर्ति के लिए सीसीएल से हो वैकल्पिक बिजली की व्यवस्था :

इधर, युवा व्यवसायी संघ फुसरो के अध्यक्ष वैभव चौरसिया ने कहा कि नगर परिषद को पेयजल आपूर्ति के लिए झारखंड सरकार के साथ-साथ सीसीएल की वैकल्पिक बिजली व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी चाहिए. वहीं, बेरमो प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चांडक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय संकट बढ़ जाता है, लेकिन पेयजल विभाग में बिजली की समस्या अक्सर बनी रहती है, जिसका सीधा असर जलापूर्ति पर पड़ता है. उन्होंने सुझाव दिया कि सीसीएल और नगर परिषद के बीच समन्वय स्थापित कर पेयजल परियोजना के लिए वैकल्पिक बिजली व्यवस्था की जाए. इसके एवज में नगर परिषद बिजली बिल का भुगतान कर सकती है.

बिजली बहाल होने के बाद लोड शेडिंग की समस्या

बिजली व्यवस्था बहाल कर दी गयी है. आंधी-पानी के कारण तीन दिनों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही. बिजली बहाल होने के बाद फिलहाल लोड शेडिंग की समस्या हो रही है, जो धीरे-धीरे सामान्य हो जायेगी.

केआर टुडू, कनीय अभियंता, विद्युत विभाग

विज्ञापन
MANOJ KUMAR

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola