Bokaro News : मजदूरों के अधिकारों की रक्षा पर दिया जाेर

Published by :JANAK SINGH CHOUDHARY
Published at :02 May 2026 11:58 PM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : मजदूरों के अधिकारों की रक्षा पर दिया जाेर

Bokaro News : बोकारो में विभिन्न मजूदर संगठनों की ओर से मजदूर दिवस मनाया गया.

विज्ञापन

बोकारो में विभिन्न मजूदर संगठनों की ओर से शुक्रवार को मजदूर दिवस मनाया गया. कहीं सभा हुई, तो कहीं रैली निकाली गयी. मजूदरों के हक की लड़ाई आगे बढ़ाने की बात दोहरायी गयी. आउटसोर्स मजूदरों की समस्या पर चर्चा हुई. बोकारो इस्पात कामगार यूनियन-एटक की ओर से सेक्टर 03 स्थित कार्यालय में झंडोत्तोलन किया गया. प्लांट के विभिन्न विभागों में मई दिवस पर सभा हुई. लड्डू का वितरण किया गया. बोकारो ट्रेड संयुक्त मोर्चा की ओर से नया मोड़ से टू-टैंक गार्डेन तक जुलूस निकाला गया और गार्डेन में सभा की गयी. अध्यक्षता राम अगर सिंह ने की. वक्ताओं ने कहा कि मई दिवस न केवल मजदूरों के ऐतिहासिक संघर्षों को याद दिलाता है, बल्कि श्रमिकों के अधिकार, सामाजिक समानता व आर्थिक न्याय के लिए निरंतर लड़ाई का प्रतीक है.

केंद्र में भाजपा की अगुवाई वाली सरकार के आने के बाद व्यापार आसानी के नाम पर मजदूरों के अधिकारों व श्रम कानूनों को समाप्त करने का अभियान चरम पर है. मजदूरों को कॉरपोरेट कंपनियों का गुलाम बनाने के लिए साजिश हो रही है. स्थायी नौकरी की जगह ठेका पर नियोजन मिल रहा है. मौके पर एटक के रामाश्रय प्रसाद सिंह, सत्येंद्र कुमार, प्राण सिंह, सीटू एक्टू के जेएन सिंह, यूटीयूसी के मोहन चौधरी, बोकारो कर्मचारी पंचायत एचएमएस के रमाकांत वर्मा, बलिंद्र राम व अन्य मौजूद थे. सेंटर ऑफ स्टील वर्कर्स यूनियन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में झंडोत्तोलन जनवादी मजदूर मोर्चा के महामंत्री एसएन प्रसाद ने किया. वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार में सरकारी संस्थाओं को एक-एक कर निजी क्षेत्र में डाल दिया जा रहा है. कंपनी मालिक व ठेकेदार ने मिल कर मजदूर वर्ग को गुलाम बना दिया है. कार्यक्रम का संचालन यूनियन के उपाध्यक्ष जेएन सिंह ने किया. एके प्रभाकर, लोकनाथ सिंह, अशोक कुमार, एसजीके सिन्हा, भीम रजक, बिनोद कुमार राय, राजेश कुमार दत्ता व अन्य मौजूद थे. जनता मजदूर सभा यूनियन ने प्लांट के मशीन शॉप में मजदूरों के बीच मिठाई बांटी. मई दिवस के शहीदों को एक मिनट मौन रख कर श्रद्धांजलि दी. महासचिव साधु शरण गोप ने कहा कि अगले एक साल में 2552 ठेका मजदूरों को बाहर का रास्ता दिखाया जायेगा. मजदूर जागे, नहीं तो रोजी रोटी का आफत हो जायेगा. बीएसएल में एक समय में 50 हजार मैन पावर था. अब 19 हजार हो गया है. इनमें भी 10 हजार ठेका मजदूर हैं. मौके पर एके विश्वास, जयदीप आश, राज कुमार महतो, महावीर महतो, राजेश महतो, उमाशंकर गोप, भानु गोप, मनोज देवघरिया व अन्य मौजूद थे.

पेटरवार में भाकपा ने निकाला जुलूस, की सभा

मजदूर दिवस के अवसर पर भाकपा पेटरवार अंचल कमेटी की ओर से प्लस टू उच्च विद्यालय पेटरवार के मैदान से जुलूस निकाला गया. विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए शॉपिंग काॅम्प्लेक्स पहुंचा. यहां सभा हुई, जिसकी अध्यक्षता अंचल सचिव महेंद्र मुंडा ने की. किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंचानन महतो और भाकपा नेता चुंबन महतो ने संबोधित करते हुए मजदूरों के हित की लड़ाई में आगे आने के लिए आह्वान किया. कार्यक्रम में अजीत महतो, गोविंद मांझी, तेनुघाट विस्थापित संघ के अध्यक्ष उमाचरण रजवार, महेश रजवार, मोहरलाल महतो, दुख्तार अंसारी, उमेश महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

विज्ञापन
JANAK SINGH CHOUDHARY

लेखक के बारे में

By JANAK SINGH CHOUDHARY

JANAK SINGH CHOUDHARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola