Bokaro News : डीवीसी पावर प्लांट के ऐश पौंड की पाइपलाइन फटी, कोनार नदी में बही छाई

Updated:
विज्ञापन
Bokaro News : डीवीसी पावर प्लांट के ऐश पौंड की पाइपलाइन फटी, कोनार नदी में बही छाई

Bokaro News : विधायक सरयू राय ने डीसी को साक्ष्य भेजकर जांच कर कार्रवाई की मांग की

विज्ञापन

Bokaro News : प्रतिनिधि, बोकारो थर्मल. बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी पावर प्लांट के नूरी नगर स्थित ऐश पौंड को जानेवाली पाइपलाइन के फटने से काफी मात्रा में छाई कोनार नदी में प्रवाहित हो गयी. घटना शनिवार सुबह लगभग आठ बजे की है. बताया जाता है कि बाजारटांड़ स्थित मंदिर से थोड़ा पहले सुबह लगभग आठ बजे ऐश पौंड को जानेवाली दो नंबर पाइप के फटने से काफी मात्रा में छाई का बहाव नाला से कोनार नदी में होने लगा. जिस स्थान पर पाइप फटी, उस पाइप को स्लैब से ढंक कर रखा गया था. जब तक डीवीसी के विभागीय इंजीनियरों, अधिकारियों एवं एएमसी का कार्य करनेवाले संवेदक को जानकारी मिलती, तब तक काफी मात्रा में छाई का बहाव हो चुका था. घटना के लगभग दो घंटे से भी ज्यादा समय के बाद पाइपलाइन को पावर प्लांट से बंद किया गया. बाद में विभागीय वरीय प्रबंधक सचिन बोदलकर की मौजूदगी में अपराह्न लगभग साढ़े चार बजे फटे हुए पाइप को बदल दिया गया.

प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत : सरयू राय

दामोदर बचाओ आंदोलन के स्थानीय प्रतिनिधियों ने इस घटना की जानकारी फोटो, वीडियो द्वारा आंदोलन के संरक्षक सह जमशेदपुर के विधायक सरयू राय को दी. उन्हें बताया गया कि इस रिसाव के कारण रसायनिक कचरा पौंड में जाने के बजाय बाहर बह रहा है और नाले के माध्यम से कोनार नदी में समाहित हो रहा है. बातचीत में सरयू राय ने कहा है कि डीवीसी बीटीपीएस प्रबंधन अपना दूषित बहिस्राव समय-समय पर कोनार-दामोदर में गिरा रहा है.

श्री राय ने कहा कि अक्सर मॉनसून के दौरान पावर प्लांट से निकलने वाले दूषित कचरे को सीधे नदी के बढ़े हुए जल प्रवाह में छोड़ दिया जाता है, ताकि सबूत न बचें. उन्होंने बोकारो डीसी को साक्ष्य भेजते हुए आग्रह किया है कि वे जिला पर्यावरण समिति के अध्यक्ष के रूप में अपनी शक्तियों का प्रयोग कर प्रदूषण को तत्काल रोकें और दोषी प्रबंधन पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें. साथ ही उन्होंने राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को उसकी वैधानिक जिम्मेदारी याद दिलाते हुए कहा है कि प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जाने चाहिए, ताकि नदियों के अस्तित्व को बचाया जा सके.

रैयतों के विरोध के कारण चार पाइपलाइनों का नहीं हो रहा काम :

गोविंदपुर के रैयतों द्वारा उनके खेतों में लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व पाइप फटने के कारण छाई का बहाव हो गया था. रैयत मुआवजा एवं नियोजन की मांग को लेकर फटे हुए चार पाइपलाइनों का कार्य करने नहीं दे रहे हैं. 16 अप्रैल को बेरमो एसडीएम मुकेश मछुआ द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, स्थानीय पुलिस और जिला मुख्यालय से आये अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद गोविंदपुर के रैयतों और विस्थापितों के कड़े विरोध के कारण टीम को बैरंग लौटना पड़ा था. स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ऐश पौंड को जाने वाली पांच पाइपलाइनों में से चार पिछले चार महीनों से क्षतिग्रस्त हैं, लेकिन गोविंदपुर के रैयतों के विरोध के चलते प्रबंधन इन्हें बदलने या ठीक करने में असमर्थ है. फिलहाल पाइपलाइन संख्या दो के सहारे ही ऐश स्लरी का निष्पादन हो रहा है. पाइप पुराना हो जाने के कारण लगातार उसके फटने की घटना घट रही है और पाइप फटने से कोनार नदी में छाई प्रवाहित हो जाती है.

विज्ञापन
Manoj Kumar

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola