यात्रीगण कृपया ध्यान दें... भोजूडीह–बोकारो के बीच दौड़ेगी पैसेंजर ट्रेन, 50 साल का इंतजार खत्म

बोकारो स्टेशन की तस्वीर
बोकारो स्टील सिटी और भोजूडीह के बीच 50 साल के इंतजार के बाद पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है. रेलवे बोर्ड ने इस नई सेवा को हरी झंडी दे दी है, जिससे हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
धर्मनाथ कुमार
Bokaro News: बोकारो, चास और आसपास के हजारों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. करीब 50 वर्षों के इंतजार के बाद भोजूडीह–बोकारो स्टील सिटी रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन चलाने का रास्ता साफ हो गया है. रेलवे बोर्ड ने इस रूट पर नई पैसेंजर ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी है. दक्षिण पूर्व रेलवे को जल्द से जल्द ट्रेन शुरू करने और इसकी जानकारी यात्रियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है. ट्रेन शुरू होने से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों और छोटे व्यवसायियों को बड़ी राहत मिलेगी.
सुबह भोजूडीह से, शाम को बोकारो से चलेगी ट्रेन
रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 58035 भोजूडीह–बोकारो स्टील सिटी पैसेंजर सुबह 8:15 बजे भोजूडीह से रवाना होगी और 9:30 बजे बोकारो स्टील सिटी पहुंचेगी. वहीं ट्रेन संख्या 58036 बोकारो स्टील सिटी–भोजूडीह पैसेंजर शाम 6:15 बजे बोकारो स्टील सिटी से चलेगी और 7:30 बजे भोजूडीह पहुंचेगी. यह ट्रेन रविवार और गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी.
चास समेत पांच स्टेशनों पर ठहराव
नई पैसेंजर ट्रेन का ठहराव शेवबाबूडीह, तलगड़िया, बांधडीह, चास और इस्पातनगर स्टेशनों पर होगा. इससे इन क्षेत्रों के हजारों दैनिक यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. साथ ही सड़क मार्ग पर निर्भरता भी कम होगी.
आठ कोच के साथ चलेगी ट्रेन
रेलवे बोर्ड के अनुसार ट्रेन में आठ आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे. इनमें छह जनरल और दो एसएलआर कोच शामिल होंगे. ट्रेन का प्राथमिक अनुरक्षण आद्रा में किया जाएगा. रेलवे ने सभी परिचालन संबंधी तैयारियां पूरी कर जल्द सेवा शुरू करने का निर्देश दिया है.
यात्रियों के लिए बड़ी राहत : एआरएम
बोकारो के एरिया रेल मैनेजर (एआरएम) विनीत कुमार ने कहा कि रेलवे बोर्ड की मंजूरी क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात है. उन्होंने बताया कि परिचालन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ट्रेन चलाने की तिथि की आधिकारिक घोषणा की जाएगी. नई ट्रेन से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों को काफी सुविधा मिलेगी.
पूर्व विधायक ने जताया आभार
पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने नई पैसेंजर ट्रेन में चास स्टेशन पर ठहराव की मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया. उन्होंने कहा कि चास स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी. नई ट्रेन शुरू होने से क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा और रोजगार गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
एक नजर में...
| विवरण | जानकारी |
| ट्रेन संख्या | 58035 / 58036 |
| रेलखंड | भोजूडीह–बोकारो स्टील सिटी |
| संचालन | सप्ताह में 5 दिन |
| नहीं चलेगी | रविवार और गुरुवार |
| ठहराव | शेवबाबूडीह, तलगड़िया, बांधडीह, चास, इस्पातनगर |
| कोच | 8 (6 जनरल, 2 एसएलआर) |
| अनुरक्षण | आद्रा |
ये भी पढ़ें...
वायनाड लैंडस्लाइड में अबतक 6 लोगों की मौत, मरने वालों में 1-1 बिहार- झारखंड के प्रवासी मजदूर
पलामू के चियांकी में मुआवजा को लेकर ग्रामीणों-पुलिस में झड़प, तीन पुलिसकर्मी घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अमलेश नंदन सिन्हा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










