बोकारो में चोरी की नौ बाइक के साथ नाबालिग गिरफ्तार, सौदा करने वाला धनबाद से धराया

सिटी डीएसपी, इंस्पेक्टर और चोरी के बरामद वाहन के साथ आरोपी. फोटो: प्रभात खबर
Bokaro News: बोकारो के हरला थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए नौ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं. एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया, जबकि चोरी की बाइक खरीदने-बेचने के आरोप में धनबाद के अरमान कुमार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
बोकारो से रंजीत कुमार की रिपोर्ट
Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच हरला थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने बाइक चोर गिरोह में शामिल एक नाबालिग को निरुद्ध किया है, जबकि चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करने के आरोप में धनबाद जिले के कतरास निवासी 23 वर्षीय अरमान कुमार यादव उर्फ अमन कुमार को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की कुल नौ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. यह जानकारी सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने गुरुवार को हरला थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी. इस दौरान हरला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम और सेक्टर-4 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार भी मौजूद थे.
एक जुलाई को दर्ज हुई थी बाइक चोरी की प्राथमिकी
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि एक जुलाई को हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9/डी स्थित आवास संख्या-921, स्ट्रीट-37 निवासी सुदेश कुमार की काले रंग की मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच10सीआर3079) उनके घर के बाहर से चोरी हो गयी थी. पीड़ित की लिखित शिकायत पर हरला थाना में कांड संख्या 62/2026 के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर सिटी डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गयी. टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर जांच शुरू की.
जांच में नाबालिग तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस सेक्टर-6 क्षेत्र में रहने वाले एक विधि विरुद्ध किशोर तक पहुंची. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और कई अहम जानकारियां दीं. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र के कैलुडीह खटाल छाताबाद निवासी अरमान कुमार यादव उर्फ अमन कुमार के घर पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां से चोरी की मोटरसाइकिल के अलावा बोकारो के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गयी आठ अन्य बाइक भी बरामद कीं. इसके बाद अरमान कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया.
चोरी की बाइक खरीदने-बेचने का चलता था धंधा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अरमान कुमार यादव चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री के धंधे में सक्रिय था. प्रारंभिक जांच के अनुसार वह वाहन चोरों से कम कीमत पर बाइक खरीदकर उन्हें दूसरे स्थानों पर बेच देता था. पुलिस को आशंका है कि यह पूरा नेटवर्क बोकारो और धनबाद सहित आसपास के जिलों तक फैला हुआ है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, चोरी के वाहनों को कहां-कहां खपाया जाता था और हाल के दिनों में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से आरोपियों का क्या संबंध है.
सभी बरामद वाहनों का किया जा रहा सत्यापन
सिटी डीएसपी ने बताया कि बरामद की गयी सभी नौ मोटरसाइकिलों का सत्यापन कराया जा रहा है. उनके इंजन और चेसिस नंबर की जांच कर वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है. सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित लोगों को उनकी मोटरसाइकिलें वापस सौंप दी जाएंगी.
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अरमान कुमार यादव के खिलाफ वाहन चोरी से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं. इनमें हरला थाना कांड संख्या 60/2026 और 61/2026 के अलावा सेक्टर-6 थाना कांड संख्या 19/2026 और 20/2026 शामिल हैं. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी विस्तृत जांच कर रही है.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
बोकारो पुलिस ने नागरिकों से वाहन चोरी रोकने के लिए सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि वाहन पार्क करते समय हैंडल लॉक के साथ अतिरिक्त सुरक्षा उपकरणों का भी उपयोग करें. सुनसान स्थानों पर वाहन खड़ा करने से बचें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में अवर निबंधक पदाधिकारी का पद खाली, जमीन-फ्लैट की रजिस्ट्री ठप होने से सरकार को नुकसान
इन पुलिस अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
वाहन चोर गिरोह के खुलासे में गठित विशेष टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. अभियान का नेतृत्व सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने किया. टीम में हरला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, सेक्टर-4 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार, अनुसंधानकर्ता मनीष कुमार गुप्ता, अमन कुमार, मंटु कुमार, सहदेव कुमार साव, विक्रम कुमार, एनुल हक, आरक्षी नरेश मंडल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस का कहना है कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह विशेष अभियान जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: चतरा के कुंदा में 11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने से दुधारू भैंस की मौत, पशुपालक ने लगाया लापरवाही का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Kumarvishwat Sen
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










