चतरा के कुंदा में 11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने से दुधारू भैंस की मौत, पशुपालक ने लगाया लापरवाही का आरोप
बिजली के करंट से भैंस की मौत के बाद चिंतित पशुपालक. फोटो: प्रभात खबर
Chatra News: चतरा के कुंदा थाना क्षेत्र के मांझीपारा गांव में 11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने से दुधारू भैंस की मौत हो गयी. पशुपालक ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए करीब 50 हजार रुपये के नुकसान की भरपाई और मुआवजे की मांग की है.
कुंदा से धर्मेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के मांझीपारा गांव में गुरुवार को 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक दुधारू भैंस की मौके पर ही मौत हो गयी. इस घटना से पशुपालक को करीब 50 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है. पीड़ित ने बिजली विभाग के कर्मियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की है.
आपके शहर में
एक सप्ताह पहले दी थी शिकायत
मांझीपारा गांव निवासी पशुपालक ओमप्रकाश यादव ने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से 11 हजार वोल्ट की लाइन का एक फेस जमीन में लगी अर्थिंग तार से सटा हुआ था. इसके कारण अर्थिंग तार में लगातार करंट प्रवाहित हो रहा था. उन्होंने इस समस्या की जानकारी स्थानीय लाइनमैन और बिजली विभाग के अधिकारियों को दी थी. बावजूद इसके किसी ने समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया.
करंट की चपेट में आते ही हुई मौत
गुरुवार को चराई के दौरान दुधारू भैंस गलती से करंट प्रवाहित हो रही तार की चपेट में आ गयी. तेज करंट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गयी. पशुपालक ने बताया कि यह भैंस परिवार की आय का प्रमुख साधन थी और उसकी मौत से परिवार को भारी आर्थिक झटका लगा है.
गांवों में जर्जर बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि कुंदा प्रखंड के कई गांवों में बिजली व्यवस्था बदहाल है. कहीं बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे हैं तो कहीं बिजली के खंभे झुक चुके हैं. कई स्थानों पर तारों की स्थिति इतनी खराब है कि वे दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं. लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभाग समय पर मरम्मत का काम नहीं कराता, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है.
मुआवजे और कार्रवाई की मांग
पशुपालक ओमप्रकाश यादव ने बिजली विभाग से उचित मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि विभाग समय पर शिकायत पर कार्रवाई करता तो यह हादसा टाला जा सकता था. ग्रामीणों ने भी दोषी अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षेत्र की जर्जर बिजली व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: रामगढ़ के गोला में पलटा बियर लदा एलपी ट्रक, कैन बचाने के लिए पुलिस के जवान तैनात
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते खराब बिजली लाइन और झुके हुए खंभों की मरम्मत नहीं की गयी तो भविष्य में इंसानों की जान भी खतरे में पड़ सकती है. ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल जांच कर आवश्यक सुधार कार्य शुरू करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में अवर निबंधक पदाधिकारी का पद खाली, जमीन-फ्लैट की रजिस्ट्री ठप होने से सरकार को नुकसान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए