Bokaro News : विमान सेवा शुरू करने को लेकर आंदोलन की चेतावनी

Published by :JANAK SINGH CHOUDHARY
Published at :27 Apr 2026 1:06 AM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : विमान सेवा शुरू करने को लेकर आंदोलन की चेतावनी

Bokaro News : बोकारो एयरपोर्ट में विमान सेवा शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गयी है.

विज्ञापन

बोकारो एयरपोर्ट की बाधाओं का निष्पादन कर विमान सेवा शुरू नहीं हुई, तो झामुमो उग्र जन आंदोलन छेड़ेगा. यह बातें पार्टी के बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने रविवार को बालीडीह स्थित आवासीय कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर कही. उन्होंने कहा कि बोकारो एयरपोर्ट की राह में केंद्र सरकार, धनबाद सांसद ढुलू महतो और बीएसएल प्रबंधन रोड़ा है. बोकारो की जनता के साथ राजनीतिक साजिश रची जा रही है. एयरपोर्ट का रनवे, टर्मिनल बिल्डिंग और बाउंड्री वॉल जैसे अधिकांश सिविल कार्य पूरे हो चुके हैं. वर्तमान में मामला डीजीसीए के लाइसेंस की प्रक्रिया में जानबूझकर लटकाया गया है. सुरक्षा मानकों के नाम पर बीएसएल प्रबंधन घोर लापरवाही बरत रहा है. बीएसएल प्रबंधन ने थोड़ी भी तत्परता दिखायी होती, तो विमान सेवा शुरू हो गयी होती. बीएसएल को चेतावनी देते हुए कहा कि बोकारो की जनता उग्र हो गयी तो संभालना मुश्किल हो जायेगा. श्री यादव ने कहा कि धनबाद सांसद धनबाद व बोकारो के प्रतिनिधि हैं, फिर एक आंख में काजल और दूसरी में सुरमा क्यों? धनबाद में एयरपोर्ट बनने पर आपत्ति नहीं है, लेकिन वर्षों से तैयार बोकारो एयरपोर्ट की अनदेखी क्यों की जा रही है? श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जिला प्रशासन को सभी बाधाएं दूर करने का निर्देश दिया है. लेकिन केंद्र के तकनीकी विभाग छोटे-छोटे बहाने बना कर लाइसेंसिंग प्रक्रिया को बाधित कर रहे हैं. झामुमो विकास विरोधी इस रवैये को बर्दाश्त नहीं करेगा. भाजपा के जन विरोधी चेहरे को जनता की अदालत में बेनकाब किया जायेगा.

हवाई अड्डा को लेकर नागरिक अधिकार मंच की बैठक

नागरिक अधिकार मंच की बैठक रविवार को सेक्टर तीन में हुई. अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष शशि भूषण ओझा ”मुकुल” ने की. उन्होंने कहा कि बोकारो हवाई अड्डा राजनीति का शिकार हो गया है. यहां से व्यावसायिक उड़ान शुरू नहीं करना बोकारो के साथ धोखा है. समाजसेवी रघुवर प्रसाद ने कहा कि लोगों को भ्रमित किया जा रहा है. मौके पर ललन कुमार निषाद, वीरेंद्र चौबे, महेंद्र राय, ज्ञानचंद जायसवाल, आर के शर्मा, अभय कुमार गोलू, योगेंद्र चौधरी और शैलेंद्र झा सहित कई समाजसेवी, व्यवसाई, बुद्धिजीवियों ने अपने विचार रखे.

विज्ञापन
JANAK SINGH CHOUDHARY

लेखक के बारे में

By JANAK SINGH CHOUDHARY

JANAK SINGH CHOUDHARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola