Bokaro news : ट्रक ने साइकिल सवार किसान को कुचला, विरोध में छह घंटे जाम रहा एनएच 23

Published by : MANOJ KUMAR Updated At : 12 Oct 2025 11:51 PM

विज्ञापन

Bokaro news : पेटरवार थाना की उत्तासारा पंचायत के अंसारी मोड़ की घटना

विज्ञापन

Bokaro news : पेटरवार-बोकारो एनएच-23 पर पेटरवार थाना क्षेत्र की उत्तासारा पंचायत के अंसारी मोड़ के पास 14 चक्का ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार किसान की मौत हो गयी. घटना रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे की है. आक्रोशित ग्रामीणों ने बोकारो-रामगढ़ राजमार्ग को पांच घंटे जाम कर दिया़ पुलिस ने बताया कि अंबाडीह ग्राम निवासी जानकी महतो (55 वर्ष) आलू बीज का बोरा साइकिल पर लाद कर पेटरवार से अपने घर जा रहे थे. अंसारी मोड़ गोकुल धाम के निकट चावल लदे 14 चक्का ट्रक जेएच 09एपी 2276 ने पीछे से जानकी को अपनी चपेट में ले लिया. ट्रक साइकिल समेत उन्हें करीब 60 फीट तक घसीट कर ले गया. इससे सिर व हाथ-पैर छोड़ कर बाकी अंग कुचल गया. घटना के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था. ट्रक गोला से बोकारो की ओर जा रहा था. सूचना पर पेटरवार, कसमार व जरीडीह थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गयी. लोग मुआवजे की मांग को लेकर पेटरवार-बोकारो पथ को चक्का जाम कर दिये. इस कारण सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

ग्रामीणों और अधिकारियों में हुई गरमागरम बहस :

जिप सदस्य प्रह्लाद महतो, उत्तासारा मुखिया देवेंद्र नाथ नायक, पेटरवार बीडीओ संतोष कुमार महतो, पुलिस इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह, पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, कसमार थाना प्रभारी भजन लाल महतो, जरीडीह थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो, झामुमो नेता राधानाथ सोरेन, प्रदीप कुमार महतो, हूबलाल महतो आदि मौके पर पहुंचे और ट्रक मालिक से मोबाइल पर जाम करनेवालों से वार्ता करायी. इस दौरान आंदोलनकारी ग्रामीणों एवं पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के बीच गरमागरम बहस हो गयी. बीडीओ व थाना प्रभारी ने ट्रक के मालिक को मुआवजा देने को कहा. अंततः वाहन मालिक ने 50 हजार रुपये नकद आश्रित को दिया व एक लाख रुपये बाद में देने की बात कही. बीडीओ ने कहा कि सरकारी प्रावधान के अनुसार आश्रित को मुआवजा दिया जायेगा. अपराह्न चार बजे पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया. उसके बाद जाम हटा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MANOJ KUMAR

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola