हाजीपुर के जफराबाद से फटिकवारा जाने वाली सड़क बनी तालाब, 11 महीने से निर्माण कार्य बंद

Updated:
विज्ञापन

Hajipur News: हाजीपुर के देसरी प्रखंड में जफराबाद से फटिकवारा तक जाने वाली सड़क जर्जर हालत में है. निर्माण कार्य का बोर्ड लगे 11 माह बीत चुके हैं, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ. बारिश के बाद जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है.

विज्ञापन

Hajipur News: (मनोहर कुमार) हाजीपुर के देसरी प्रखंड के जफराबाद चौराहा से फटिकवारा सीमा तक जाने वाली सड़क बदहाल स्थिति में पहुंच गई है. मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत इस 870 मीटर लंबी सड़क के निर्माण का बोर्ड करीब 11 माह पहले लगा दिया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर जलजमाव हो जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़क पर चलना हुआ मुश्किल

जफराबाद चौराहा स्थित महेंद्र सिंह के घर से स्वर्गीय नूर मोहम्मद के घर होते हुए फटिकवारा सीमा तक जाने वाली सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है. बारिश के बाद सड़क पर पानी भर जाने से पैदल यात्रियों, बाइक चालकों और ऑटो चालकों के लिए आवागमन जोखिमभरा हो गया है.

14 जुलाई 2025 से शुरू होना था निर्माण कार्य

सड़क किनारे लगाए गए सूचना बोर्ड के अनुसार मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के तहत करीब 64.98 लाख रुपये की लागत से सड़क का सुदृढ़ीकरण होना है. बोर्ड में निर्माण कार्य की शुरुआत 14 जुलाई 2025 से प्रस्तावित दर्शाई गई है, लेकिन 11 माह बीत जाने के बावजूद मौके पर काम शुरू नहीं हुआ है.

स्कूली वाहन और ग्रामीण रोज झेल रहे परेशानी

इस मार्ग से प्रतिदिन कई विद्यालयों के वाहन गुजरते हैं. इसके अलावा फटिकवारा समेत आसपास के गांवों के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थाना, प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय, बैंक और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी सड़क का उपयोग करते हैं. जर्जर स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

पैदल चलने वालों को जूते उतारकर पार करना पड़ रहा रास्ता

सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के कारण कई लोगों को जूते-चप्पल हाथ में लेकर तथा कपड़े ऊपर उठाकर रास्ता पार करना पड़ता है. जलजमाव से बचने के लिए कुछ लोग देसरी बाजार होकर निकलते हैं, लेकिन वहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे समय और परेशानी दोनों बढ़ जाती हैं.

ग्रामीणों ने जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग उठाई

पूर्व जिला परिषद सदस्य चंदेश्वर पासवान, शिवशंकर कुमार, रत्नेश कुमार सिंह और पूर्व मुखिया दिलीप सिंह समेत स्थानीय लोगों ने ग्रामीण कार्य विभाग से अविलंब सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि समय पर निर्माण नहीं होने से आम जनता को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है.

इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में मानसून की दस्तक से बदलेगा मौसम का मिजाज, दक्षिण बिहार में आज के बाद गर्मी से मिलेगी राहत

विज्ञापन
विवेक पाण्डेय

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय मुख्यधारा की पत्रकारिता में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल (Prabhat Khabar Digital) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. राष्ट्रीय राजनीति और बिहार की राजनीति पर उनकी लेखनी विशेष रूप से पहचान रखती है.

वर्तमान में वह बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी खबरों के साथ-साथ राज्य स्तरीय मुद्दों पर भी नियमित रूप से समाचार, विश्लेषण और समसामयिक विषयों पर लेख प्रकाशित कर रहे हैं. स्थानीय घटनाक्रम को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत करना और महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक एवं सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन