पैसों का लालच देकर बंगाल में नाबालिग छात्रों से कराया गया रक्तदान! मंत्री ने दी चेतावनी- दोषियों को छोड़ेंगे नहीं
सांकेतिक तस्वीर.
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से पैसों का लालच देकर नाबालिग छात्रों से रक्तदान कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. इस गंभीर मामले की जांच जारी है.
दुर्गापुर से अविनाश यादव की रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल में पैसों का लालच देकर स्कूली बच्चों से अस्पताल में रक्तदान कराने का आरोप सामने आया है. इस खबर से दुर्गापुर में हड़कंप मच गया है. अभिभावकों में आक्रोश है. राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि इस जघन्य कृत्य में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जायेगा. दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी.
सुखेन पाल ने की दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता अभिभावक सुखेन पाल ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को पैसों का प्रलोभन देकर रक्तदान के लिए अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने मांग की कि इस पूरे रैकेट में शामिल सभी लोगों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
दुर्गापुर के 3 बच्चों से अस्पताल में कराया गया रक्तदान
आरोप है कि दुर्गापुर के इस्पात नगर स्थित एक निजी स्कूल के 3 नाबालिग छात्रों को बहला-फुसलाकर विधाननगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां एक मरीज के परिजन के रूप में उनकी पहचान कराकर उनसे रक्तदान कराया गया. सबसे गंभीर आरोप यह है कि रक्त संग्रह के लिए सरकारी दस्तावेजों में छात्रों की वास्तविक उम्र बदलकर उन्हें बालिग दिखाया गया.
ये भी पढ़ें: बीरभूम में चलती ट्रेन से गिरकर एमबीबीएस छात्र की मौत, हरियाणा का रहने वाला था गौरव
स्कूल के पूर्व छात्र पर लगा है रक्तदान कराने का आरोप
उसी स्कूल के एक पूर्व छात्र का नाम इस मामले में सामने आया है. आरोप है कि वह वर्तमान में भिरिंगी टीएन हाई स्कूल का छात्र है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है.
स्कूल की प्राचार्या ने पुलिस को दी जानकारी
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित निजी स्कूल का प्रशासन भी हरकत में आया. अभिभावकों के साथ मिलकर दुर्गापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी. स्कूल की प्राचार्या देवयानी बोस ने कहा कि हमें जैसे ही मामले की जानकारी मिली, हमने तुरंत पुलिस को सूचित किया. एजेंटों के माध्यम से नाबालिग छात्रों से रक्त लिया जाना गंभीर और आपराधिक मामला है.
ये भी पढ़ें: अग्निमित्रा पॉल बोलीं- सड़क निजी संपत्ति नहीं, ईंट-बालू घर में रखें, हॉकर्स को दुर्गा पूजा तक राहत
अग्निमित्रा पॉल ने कहा- छोटे बच्चों से रक्तदान कराना शर्मनाक
राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा- मामला हमारे संज्ञान में आया है. मैंने स्कूल की प्राचार्या से भी बात की है. पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं. छोटे-छोटे बच्चों को पैसों का लालच देकर रक्तदान कराना शर्मनाक है. इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा.
जांच में जुटी पुलिस, कमिश्नर बोले- होगी सख्त कार्रवाई
इस संबंध में आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) के पुलिस आयुक्त डॉ प्रणव कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत मिली है. शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गयी है. मामले के हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है. जांच के बाद दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










