बीएसएल में कार्यरत संविदा कर्मियों को भी मिलेंगे नियमित कर्मचारियों जैसे पीपीई किट
बीएसएल डीआई प्रिय रंजन के साथ वरीय अधिकारी व संविदा कर्मी | Prabhat Khabar Network
बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) ने कार्यस्थल पर सुरक्षा के मानकों को ऊंचा उठाया है। अब संविदा कर्मियों को भी नियमित कर्मचारियों के समान गुणवत्ता वाले व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल पीपीई वितरण की डिजिटल निगरानी सुनिश्चित करेगी।
बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) ने कार्यस्थल पर सुरक्षा के समान मानक सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है. इसके तहत अब बीएसएल में कार्यरत संविदा कर्मियों को भी नियमित कर्मचारियों के समान गुणवत्ता और मानक वाले व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध कराए जाएंगे. सेल और देश के इस्पात उद्योग में अपनी तरह की इस पहल को पहली बार लागू किया गया है.
इस योजना का शुभारंभ बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में आयोजित विशेष कार्यक्रम में किया. कार्यक्रम में अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे.
डिजिटल प्रणाली से होगी पूरी निगरानी
बीएसएल की यह पहल ट्रांसफॉर्मिंग कॉन्ट्रैक्चुअल वर्कर सेफ्टी थ्रू डायरेक्ट पीपीई प्रोविजन एंड डिजिटल गवर्नेंस की अवधारणा पर आधारित है. इसके तहत संविदा कर्मियों को उच्च गुणवत्ता वाले सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके इश्यू, वितरण, रिकवरी और री-इश्यू की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल प्रणाली से जोड़ा जाएगा.
इससे पीपीई किट की उपलब्धता, उपयोग और वितरण की प्रभावी निगरानी संभव होगी तथा पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी.
पहले ठेकेदार उपलब्ध कराते थे सुरक्षा उपकरण
अब तक संविदा कर्मियों को सुरक्षा उपकरण संबंधित ठेकेदारों द्वारा उपलब्ध कराए जाते थे. नई व्यवस्था लागू होने के बाद बीएसएल सीधे तौर पर निर्धारित मानकों के अनुरूप पीपीई किट उपलब्ध कराएगा. इससे सभी कर्मियों के लिए सुरक्षा के समान मानक सुनिश्चित होंगे.
संविदा कर्मियों को प्रदान की गई सुरक्षा किट
कार्यक्रम के दौरान मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) ने योजना की विस्तृत जानकारी दी. इसके बाद बीएसएल के शीर्ष प्रबंधन ने संविदा कर्मियों को सुरक्षा किट प्रदान कर इस पहल का औपचारिक शुभारंभ किया.
सुरक्षित कार्य वातावरण प्राथमिक प्रतिबद्धता : प्रिय रंजन
निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने कहा कि बीएसएल परिसर में कार्य करने वाला प्रत्येक कर्मी संगठन के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि चाहे कर्मचारी नियमित हो या संविदा कर्मी, सभी को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना संगठन की प्राथमिक प्रतिबद्धता है.
उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल प्राथमिकता नहीं, बल्कि बीएसएल की कार्य संस्कृति और मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है. संविदा कर्मियों को भी समान गुणवत्ता वाले सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की यह पहल एक समावेशी और उत्तरदायी सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करेगी.
इन सुरक्षा उपकरणों का होगा वितरण
संविदा कर्मियों को उपलब्ध कराए जाने वाले पीपीई किट में सेफ्टी हेलमेट, लाइट वेट पॉलीकार्बोनेट सुरक्षा चश्मा, डिस्पोजेबल रेस्पिरेटर, सेफ्टी शूज, एफआर सूट (जैकेट एवं ट्राउजर), ईयर प्लग तथा कैनवस ग्लव्स शामिल हैं.
बीएसएल प्रबंधन का मानना है कि तकनीक आधारित इस नई व्यवस्था से कार्यस्थल पर सुरक्षा प्रबंधन और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा व्यवस्थित होगा. साथ ही सभी कर्मियों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









