Bokaro News : हजारीबाग में कार व हाइवा में टक्कर, कसमार के चालक की मौत
Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 27 Sep 2025 10:38 PM
Bokaro News : अपनी पत्नी का योगदान कराने जा रहे थे भाजपा नेता लक्ष्मण नायक के भाई मिथिलेश नायक, हादसे में दांतू निवासी चालक संतोष नायक की मौत व मिथिलेश, उनकी पत्नी और दोनों बच्चे घायल.
कसमार, कसमार प्रखंड के दांतू निवासी भाजपा नेता लक्ष्मण कुमार नायक का परिवार शनिवार को एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया. चतरोचट्टी से लौटने के क्रम में श्री नायक के भाई मिथिलेश नायक की कार को कोनार डैम के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी. इस में कार चालक दांतू निवासी संतोष नायक (40 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे में कार सवार मिथलेश नायक, उनकी पत्नी सुषमा रानी और दोनों पुत्र अर्णव राज (14) एवं आरव राज (9) गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित मेडिका अस्पताल रेफर किया गया, जहां मिथलेश नायक की स्थिति नाजुक बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार मिथलेश नायक झारखंड पुलिस में पदस्थापित हैं, जबकि उनकी पत्नी सुषमा रानी की हाॅल ही में हाई स्कूल शिक्षक के रूप में नियुक्ति हुई है. शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे वे अपने पति और बच्चों के साथ योगदान देने के लिए चतरोचट्टी हाई स्कूल जा रही थीं. इसी क्रम में दोपहर करीब ढाई बजे कोनार डैम के पास हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरी चोट पहुंचा दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गये. घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता मुरली नायक, स्थानीय पंचायत समिति सदस्य नागेंद्र नायक, मृतक संतोष के पिता दीपनारायण नायक सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को रांची अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. इस हादसे से दांतू गांव और पूरे इलाके में शोक की लहर है. संतोष नायक के असामयिक निधन पर ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं. जबकि, भाजपा नेता लक्ष्मण नायक के परिवार और गांव पर अचानक टूटा यह दुख का पहाड़ हर किसी को स्तब्ध कर गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










