तालाब में डूबने से भाजपा नेता छोगालाल सिंह का निधन

फोटो- मृतक भाजपा नेता छोगालाल सिंह| Prabhat Khabar Network
कसमार के भाजपा नेता छोगालाल सिंह की तालाब में डूबने से दुखद मौत। क्षेत्र में शोक की लहर, सोमवार को होगा अंतिम संस्कार। जानिए पूरी घटना की जानकारी।
कसमार: कसमार प्रखंड के सोनपुरा निवासी भाजपा नेता छोगालाल सिंह की मौत रविवार शाम तालाब में डूबने से हो गयी। वह गांव के तालाब में बाइक धोने गये थे। काफी देर तक तालाब किनारे उनकी बाइक खड़ी देख ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। युवाओं ने तालाब में खोजबीन कर उन्हें बाहर निकाला। परिजन उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शव फिलहाल बीजीएच की मर्चरी में रखा गया है। सोमवार सुबह सोनपुरा गांव के समीप खांजो नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा।
घटना पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया है। स्वर्गीय सिंह की पत्नी सोनपुरा मध्य विद्यालय में पारा शिक्षिका हैं। छोटे पुत्र का हाल ही में रक्षा सेवा में चयन हुआ है, जबकि बड़ा पुत्र रेलवे की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है।
स्वर्गीय सिंह भाजपा के समर्पित व जुझारू नेताओं में गिने जाते थे। कसमार प्रखंड समिति के महामंत्री तथा बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के प्रखंड उपाध्यक्ष के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। संगठन के विस्तार और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा। स्पष्ट वक्ता, मिलनसार और व्यवहारकुशल व्यक्तित्व के कारण वे सभी राजनीतिक दलों तथा सभी जाति-समुदाय के लोगों के बीच सम्मानित थे।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










