Patna News: खगौल के एक्वा वॉटर पार्क से स्कॉर्पियो चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

Updated:
विज्ञापन
सीसीटीवी फुटेज में चोरी करते तस्वीर कैद

सीसीटीवी फुटेज में चोरी करते तस्वीर कैद

खगौल के एक्वा वॉटर पार्क से स्कॉर्पियो चोरी होने का मामला सामने आया है. चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

विज्ञापन

Patna News: पटना के खगौल थाना क्षेत्र के खगौल कैंट रोड स्थित एक्वा वॉटर पार्क परिसर से शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR01JZ 8412) चोरी कर ली. चोरी की पूरी वारदात वॉटर पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

जानकारी के अनुसार, चोरी हुई स्कॉर्पियो पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित रामनगरी सेक्टर-4 निवासी पंकज कुमार के नाम से पंजीकृत है. गाड़ी मालिक ने बताया कि घटना शनिवार की देर रात करीब 1:30 बजे की है. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर एक अन्य कार से पहुंचे और कुछ ही देर में स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गए.

पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

घटना के संबंध में टिंकू कुमार ने स्थानीय खगौल थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस वॉटर पार्क में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फुटेज में दिख रहे चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

पुलिस का कहना है कि वॉटर पार्क से गाड़ी चोरी की घटना की जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है. आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और स्कॉर्पियो की बरामदगी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है.

खगौल इलाके में बढ़ा चोरों का मनोबल, पहले भी चोरी हुई थी सरकारी स्कॉर्पियो

इलाके में लगातार हो रही गाड़ी चोरी की घटनाओं से चोरों का मनोबल बढ़ा हुआ दिख रहा है. इससे पूर्व खगौल नगर परिषद की एक सरकारी स्कॉर्पियो गाड़ी भी चोरी हो चुकी है, जिसे पुलिस ने बाद में उत्तर प्रदेश के देवरिया से बरामद किया था.

उस मामले में पुलिस ने मुखबिर और चोरों की स्पष्ट जानकारी नहीं दी थी. दरअसल, उस गाड़ी को देवरिया (यूपी) में शराब के साथ यूपी पुलिस ने जब्त किया था. खगौल पुलिस ने देवरिया पुलिस की सूचना पर वहां जाकर कंपनी के इंजीनियर को बुलाया और इंजन व चेसिस नंबर के आधार पर गाड़ी की पहचान की थी.


विज्ञापन
Sanjay Kumar Pandey Khagaul

लेखक के बारे में

By Sanjay Kumar Pandey Khagaul

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन