Patna News: बिहटा में सौतेली मां और दो छोटे भाइयों पर चाकू-पेचकस से हमला, 2 घंटे में पकड़ाया आरोपी किशोर

Updated:
विज्ञापन
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस पदाधिकारी।

घटना की जानकारी देते हुए पुलिस पदाधिकारी।

पटना के बिहटा में पारिवारिक विवाद को लेकर एक किशोर ने अपनी सौतेली मां और दो छोटे भाइयों पर चाकू व पेचकस से हमला कर दिया. पुलिस ने आरोपी को दो घंटे के अंदर पकड़ लिया.

विज्ञापन

Patna News: पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के डोमिनियां पुल के समीप शनिवार की रात पारिवारिक विवाद में एक किशोर ने अपनी सौतेली मां और दो छोटे भाइयों पर चाकू और पेचकस से हमला कर दिया. इस हमले में महिला और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही बिहटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के अंदर आरोपी किशोर को धर दबोचा.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू, पेचकस और खून लगे कपड़े बरामद कर लिए हैं. मामले में घायल महिला के फर्द बयान के आधार पर बिहटा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

जानकारी के अनुसार, डोमिनियां पुल के पास किराये के मकान में शनिवार रात अचानक घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए. घर के अंदर महिला और उसके दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बिहटा पुलिस को दी.

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. इलाज के दौरान घायल महिला ने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी, जिसके बाद उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.

विशेष टीम ने दो घंटे में आरोपी को दबोचा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना पश्चिमी सिटी एसपी के निर्देश पर दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में बिहटा थानाध्यक्ष सहित पुलिस अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना के आरोपी किशोर को दो घंटे के भीतर पकड़ लिया.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में किशोर ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अपने पिता की दूसरी शादी से बेहद नाराज था. इसी पारिवारिक विवाद के कारण उसने अपनी सौतेली मां और दोनों मासूम भाइयों पर जानलेवा हमला किया.

बाल न्याय प्रक्रिया के तहत भेजी जा रही रिपोर्ट

पुलिस ने बताया कि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसे कानून के प्रावधानों के अनुसार हिरासत में लेकर बाल न्याय प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है. घायल महिला और दोनों बच्चे आरोपी किशोर के रिश्ते में सौतेली मां और भाई हैं.

पुलिस द्वारा बरामद सामान:

  • चाकू: 01
  • पेचकस: 01
  • खून लगे कपड़े: 01

दानापुर डीएसपी-2 का बयान

दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि शनिवार रात बिहटा थाना क्षेत्र के डोमिनियां पुल के पास महिला और उसके दो बच्चों पर चाकू व पेचकस से हमला करने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. घायल महिला के फर्द बयान के आधार पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया.

उन्होंने आगे बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर महज दो घंटे के अंदर आरोपी किशोर को पकड़ लिया. उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू, पेचकस और खून लगे कपड़े जब्त किए गए हैं. प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पारिवारिक विवाद ही सामने आया है.


विज्ञापन
Monu Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Monu Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन