हथियार के बल पर दिनदहाड़े सीएसपी से एक लाख की लूट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
प्रतीकात्मक फोटो
Palamu News: पलामू के पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई में बाइक सवार दो अपराधियों ने पिस्टल के बल पर पीएनबी के ग्राहक सेवा केंद्र से करीब एक लाख रुपये लूट लिए. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.
पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu News: पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतराई स्थित मेदिनीनगर-पांकी मुख्य मार्ग पर संचालित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई है. बाइक सवार दो अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर सीएसपी संचालक से करीब एक लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए. घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
खाता खुलवाने के बहाने पहुंचे थे अपराधी
सीएसपी संचालक रविंद्र कुमार ने बताया कि दोपहर करीब 12:20 बजे बाइक पर सवार होकर दो युवक केंद्र पर पहुंचे. इनमें से एक युवक ने पहले खाता खुलवाने से संबंधित जानकारी मांगी. बातचीत के दौरान उसने सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार किया, जिससे किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ. करीब दो मिनट बाद उसके साथ आया दूसरा युवक अचानक काउंटर के पास पहुंचा और पिस्टल निकालकर संचालक को धमकाने लगा. हथियार देखकर संचालक घबरा गया. इसके बाद अपराधियों ने काउंटर में रखी नकदी अपने कब्जे में ले ली.
लूट के बाद फरार हुए अपराधी
अपराधियों ने सीएसपी केंद्र में रखे करीब एक लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए. पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोगों को कुछ समझने का मौका नहीं मिला. घटना के बाद संचालक ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे. रविंद्र कुमार ने बताया कि वह अपने घर में ही ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करते हैं. घटना के समय दोपहर होने के कारण सड़क पर लोगों की आवाजाही काफी कम थी. अपराधियों ने इसी सुनसान स्थिति का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया.
इसे भी पढ़ें: चतरा के टंडवा में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
लूट की यह पूरी घटना सीएसपी केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पीड़ित संचालक ने पांकी थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा. क्षेत्र में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि अपराधियों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके.
इसे भी पढ़ें: झारखंड की जेलों में रिक्त पदों की नियुक्ति पर सख्त हुआ हाईकोर्ट, कहा- अब और समय नहीं मिलेगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार विश्वत सेन
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









