ePaper

Bihar News: मिलिट्री हॉस्पिटल में इलाज के दौरान सेना के जवान का निधन, बिहार के इस गांव में पसरा मातम

Updated at : 03 Sep 2025 9:29 PM (IST)
विज्ञापन
Bihar News

सेना के जवान के परिजनों की तस्वीर

Bihar News: वैशाली जिले के फतेहपुर गांव में गम का माहौल है. सेना के जवान का इलाज के दौरान पुणे मिलिट्री हॉस्पिटल में निधन हो गया. मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिवारजन रो-रोकर बेहाल हैं और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है.

विज्ञापन

Bihar News: वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में गहरा मातम छा गया है. गांव के युवा सेना के जवान सावन कुमार सिंह का निधन पुणे स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल में इलाज के दौरान हो गया. 34 वर्षीय सावन कुमार सिंह बीमारी से जूझ रहे थे और पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे. जैसे ही उनके निधन की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

परिवार पर टूटा दुख का पहाड़

सेवानिवृत्त सैनिक ललन प्रसाद सिंह के पुत्र सावन कुमार सिंह की असमय मौत ने पूरे परिवार को हिला कर रख दिया है. स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग, बूढ़े-बुजुर्ग और बच्चे उनके घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे हैं. पत्नी निधि कुमारी, 9 साल की बेटी और 5 साल के बेटे का रोते-रोते बुरा हाल है. पूरे घर-आंगन में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

देश सेवा से जुड़ी गौरवगाथा

सावन कुमार सिंह ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई गांव के शिशु विद्या मंदिर से की थी. इसके बाद स्नातक तक की शिक्षा पूरी की. 2010 में दानापुर आर्मी भर्ती में चयनित होकर वह सेना में शामिल हुए. तभी से देश की सेवा में जुट गए थे. अपने अनुशासन और लगन से उन्होंने गांव का मान बढ़ाया. उनके परिवार की सैन्य पृष्ठभूमि भी गौरवशाली है एक चचेरा भाई CRPF में, दूसरा इंडियन नेवी में और सगा भाई यूपी पुलिस में कार्यरत है.

पार्थिव शरीर पहुंचेगा गांव

मिली जानकारी के अनुसार, पुणे से जवान का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह करीब 10 बजे फतेहपुर गांव पहुंचेगा. अंतिम दर्शन के लिए गांव के हजारों लोग इकट्ठा होने की उम्मीद है. पूरे गांव में गमगीन माहौल है, वहीं ग्रामीणों को इस बात पर गर्व भी है कि सावन कुमार सिंह ने अपने जीवन को देश सेवा के लिए समर्पित किया.

Also Read: 1869 विदेशी शराब की बोतल के साथ दो कार जब्त, पटना में महिला समेत पांच तस्कर गिरफ्तार

विज्ञापन
Anshuman Parashar

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन