ePaper

Patna News: 1869 विदेशी शराब की बोतल के साथ दो कार जब्त, पटना में महिला समेत पांच तस्कर गिरफ्तार

Updated at : 03 Sep 2025 9:02 PM (IST)
विज्ञापन
Patna News

सांकेतिक

Patna News: पटना में शराबबंदी के बावजूद यूपी से लाई जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई. पुलिस ने महिला समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1869 बोतलें जब्त कीं. रेलवे स्टेशन से लेकर कार तक ताबड़तोड़ कार्रवाई ने पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया.

विज्ञापन

Patna News: पटना जंक्शन पर यूपी से शराब लेकर पहुंची महिला तस्कर रीमा कुमारी को रेल पुलिस ने रंगे हाथ दबोच लिया. रीमा रामकृष्णा नगर इलाके में किराये पर रह रही थी और ट्रेन से शराब की खेप लाने का काम करती थी. बुधवार की सुबह जब वह स्टेशन से बाहर निकलने की तैयारी कर रही थी, तभी रेल पुलिस ने उसके बैग की जांच की. बैग से अंग्रेजी शराब की नौ से अधिक बोतलें बरामद की गईं. पुलिस के अनुसार, रीमा लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल थी और अलग-अलग ट्रेनों से शराब मंगाकर पटना के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करती थी.

गर्दनीबाग में बाइक से पकड़ी शराब की खेप

इसी दिन पुलिस ने एक और सफलता हासिल की. गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में बाइक पर शराब की खेप लेकर जा रहे दो युवकों को दबोच लिया गया. पकड़े गए युवकों की पहचान फुलवारीशरीफ निवासी सुमित कुमार और अंश कुमार के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उनकी बाइक से कई बोतलें विदेशी शराब बरामद की गईं. पुलिस का कहना है कि ये दोनों युवक शराब की छोटी खेप विभिन्न ग्राहकों तक पहुंचाने का काम कर रहे थे.

कार से जब्त हुई 1869 बोतलें

रामकृष्णा नगर थाने की पुलिस ने तड़के सुबह सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार के नेतृत्व में चलाए गए रोको-टोको अभियान के दौरान अमरदीप नगर मुसहरी के पास दो कारों को रोका गया. तलाशी में इनसे 1869 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. गिरफ्तार आरोपियों में रूपसपुर का विवेक कुमार और अमरदीपनगर का शंकर कुमार शामिल हैं. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि यह खेप यूपी से मंगाई गई थी और पटना के अलग-अलग स्थानों पर डिलीवरी की जानी थी.

नशे के धंधे पर पुलिस की नजर

लगातार कार्रवाई से यह साफ है कि यूपी से शराब की आपूर्ति कर पटना में नेटवर्क बनाने की कोशिशें तेज हो रही हैं. हालांकि, पुलिस ने अलग-अलग थानों की टीमों के जरिए बड़ी खेपों को पकड़कर तस्करों की कमर तोड़ दी है. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस धंधे से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी संभव है.

Also Read: मुंगेर में नहीं टला है बाढ़ का खतरा, डेंजर लेवल के बेहद करीब बह रही गंगा

विज्ञापन
Anshuman Parashar

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन