पटना में ठगों ने बड़े कारोबारी होने का किया नाटक, झांसा देकर ले भागे लाखों के गहने
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 16 Mar 2023 1:07 AM
पटना के शास्त्रीनगर में स्थित ज्वेलर्स से बदमाश चार लाख के गहने लेकर भाग गये. बाइक से पहुंचे दोनों बदमाश कोई बड़े कारोबारी होने का नाटक कर रहे थे. दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की तस्वीर आ गयी है. पुलिस उनकी पहचान में जुटी है
पटना के शास्त्रीनगर थाने के एजी कॉलोनी पार्क के पास स्थित जयश्री ज्वेलर्स से बदमाश चार लाख के गहने लेकर भाग गये. इसकी जानकारी मिलने पर शास्त्रीनगर थाने की पुलिस पहुंची और जांच की. घटना बुधवार की दोपहर की है. दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की तस्वीर आ गयी है. पुलिस उनकी पहचान में जुटी है. शास्त्रीनगर पुलिस के अनुसार आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है.
बाइक से आये और बड़ा बिजनेसमैन होने का नाटक किया
बताया जाता है कि दो लोग दोपहर करीब 2:30 बजे जयश्री ज्वेलर्स दुकान में सोने के गहने खरीदने के लिए बाइक से पहुंचे. दुकान में दुकानदार अशोक कुमार अकेले थे. उन लोगों ने अच्छे कपड़े पहन रखे थे और पहले सोने का लॉकेट देखने के लिए मांगा. इसके बाद बताया कि लेडिज को गिफ्ट देना है, कुछ अधिक कीमत के गहने दिखाइए. इसके बाद उन लोगों ने मंगलसूत्र मांगा.
इस दौरान वे दोनों अपने हाव-भाव इस तरह कर रहे थे, जैसे वे कोई बड़े बिजनेसमैन हैं. करीब तीन-चार लाख के गहने देखने के लिए मांग लिये और ऑर्डर लिखने को कहा. जब दुकानदार ऑर्डर को लिखने के लिए कॉपी लाने के लिए वहां से हटे, तो दोनों सारे सोने के गहने लेकर फरार हो गये. दुकानदार अशोक कुमार ने बताया कि एक मास्क में था और दूसरा बिना मास्क के था. दोनों बाइक से आये थे.
Also Read: एएनएम अभ्यर्थियों को पटना बुलाकर नहीं दिया एडमिट कार्ड, हंगामा व तोड़फोड़, जानें पूरी बात
कुछ दिन पहले मीठापुर में भी गहने लेकर भाग गये थे
सूत्रों का कहना है कि यह गिरोह मुंबई का है. इस तरह की घटना ये लोग पहले भी जक्कनपुर थाने के मीठापुर स्थित शुभ लक्ष्मी ज्वेलर्स में अंजाम दे चुके हैं. इस दुकान में भी गहने देखने के लिए आये और लेकर भाग गये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










