शराबबंदी को लेकर तेजस्वी यादव का सरकार पर तंज, बोले- बिहार में मिल रही हर ब्रांड की शराब

Updated:
विज्ञापन

तेजस्वी यादव की फाइल फोटो

Tejashwi Yadav: शराबबंदी और पेपर लीक को लेकर बिहार में सियासी घमासान फिर तेज हो गया है. तेजस्वी यादव ने शराबबंदी को फेल बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. वहीं, मंत्री मदन सहनी पहले ही साफ कर चुके हैं कि कानून में कोई बदलाव नहीं होगा.

विज्ञापन

Tejashwi Yadav: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव दिल्ली से पटना लौटे. पटना एयरपोर्ट पर उन्होंने कई मुद्दों पर सरकार को घेरा. शराबबंदी से लेकर पेपर लीक, छात्र आंदोलन और रोजगार तक पर उन्होंने सवाल उठाए.

तेजस्वी यादव ने बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून को पूरी तरह फेल बताया. वहीं, मद्य निषेध विभाग के मंत्री मदन सहनी कुछ दिन पहले ही साफ कर चुके हैं कि सरकार शराबबंदी कानून में कोई बदलाव नहीं करने जा रही है. ऐसे में शराबबंदी को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ता दिख रहा है.

‘बिहार में शराबबंदी पूरी तरह फेल’

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में शराबबंदी सिर्फ कागजों पर है. उन्होंने दावा किया कि राज्य में हर कंपनी और हर ब्रांड की शराब मिल रही है. शराब की होम डिलीवरी तक हो रही है.

उन्होंने आरोप लगाया कि शराबबंदी के नाम पर सिर्फ दावे किए जा रहे हैं. तेजस्वी के मुताबिक, सत्ता में बैठे लोगों का शराब को लेकर बड़ा रैकेट चल रहा है.

शराबबंदी की समीक्षा पर CM से पूछिए- तेजस्वी

जब तेजस्वी यादव से पूछा गया कि क्या शराबबंदी कानून की समीक्षा होनी चाहिए, तो उन्होंने इसका जवाब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पूछने की बात कही. उन्होंने कहा कि शराबबंदी को लेकर एनडीए के अंदर भी घमासान मचा हुआ है. सरकार को ही तय करना है कि इस कानून को लेकर आगे क्या करना है.

मदन सहनी ने पहले ही साफ कर दिया सरकार का रुख

तेजस्वी के बयान के बीच मद्य निषेध विभाग के मंत्री मदन सहनी का कुछ दिन पुराना बयान भी महत्वपूर्ण है. उन्होंने स्पष्ट कहा था कि बिहार में शराबबंदी कानून में कोई संशोधन नहीं होगा.

मदन सहनी ने कहा था कि कानून पहले भी लागू था और आगे भी लागू रहेगा. यानी सरकार शराबबंदी के मौजूदा कानून में किसी तरह का बदलाव करने के मूड में नहीं है.

शराब पहुंचाने वाली कंपनियों पर भी होगी कार्रवाई- मंत्री

मदन सहनी ने यह भी कहा था कि बिहार में शराब पहुंचाने वाली विदेशी और दूसरे ब्रांड की कंपनियों पर कार्रवाई की जाएगी. ऐसी कंपनियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई जाएगी. मंत्री के मुताबिक, इस दिशा में कार्रवाई शुरू भी हो चुकी है. सरकार का कहना है कि शराबबंदी को और सख्ती से लागू किया जाएगा.

‘बिहार पेपर लीक की राजधानी बनता जा रहा’

शराबबंदी के बाद तेजस्वी यादव ने पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि बिहार पेपर लीक की राजधानी बनता जा रहा है.

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि राज्य में ऐसी कोई बहाली नहीं होती, जिसमें पेपर लीक का मामला सामने न आए. उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने बिहार की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाया. तेजस्वी ने कहा कि शिक्षा के मामले में बिहार बेहद पीछे है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

‘छात्रों पर AK-47 से गोली चलाने का आदेश किसने दिया?’

छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से गोली चलाए जाने के आरोप को लेकर भी तेजस्वी ने सरकार से जवाब मांगा.

उन्होंने सवाल किया कि सीवान में छात्र पर AK-47 से गोली चलाने का आदेश आखिर किसने दिया? तेजस्वी ने कहा कि इस मामले में अब तक कोई बड़ा एक्शन नहीं हुआ है. उनके मुताबिक, सिर्फ एक सिपाही को बर्खास्त किया गया है. अब तक न तो एसपी का निलंबन हुआ और न ही किसी बड़े अधिकारी पर कार्रवाई हुई.

19 अगस्त को राजभवन मार्च

तेजस्वी यादव ने कहा कि आरजेडी 19 अगस्त को पटना में राजभवन मार्च करेगी. पार्टी राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपेगी. उन्होंने लोगों से भी मार्च में शामिल होने की अपील की. तेजस्वी ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले डीजीपी से भी मुलाकात की जा चुकी है.

Also Read: मनोज तिवारी का प्रशांत किशोर पर पलटवार, बोले- जीतने के बाद जो झुके वो संस्कारी, गाली दे वो अहंकारी, पीके ने कहा था फ्रॉड



विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन