संपत्ति विवाद में छोटे भाई ने बड़े को गोली मारकर की हत्या

छानबीन में जुटी पुलिस
– छानबीन में जुटी पुलिस छातापुर. राजेश्वरी थानाक्षेत्र के चुन्नी पंचायत वार्ड नंबर 13 स्थित कामत किशुनगंज में गुरुवार की देर रात सहोदर भाई ने बड़े भाई की कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी. संपत्ति विवाद में आरोपित गजेंद्र साह ने बड़े भाई 35 वर्षीय अरविंद साह को उसकी पत्नी के सामने ही गोली मारकर मौके से भाग निकला. भागने के क्रम में वह बड़े भाई का मोबाइल सहित कई कीमती सामान भी साथ ले गया. फायरिंग और मृतक की पत्नी के रोने चिल्लाने की आवाज सुनकर घर सहित आस पड़ोस के लोग जगे और घटना से अवगत हुए. लोगों ने थाना पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना के बाद शुक्रवार अहले सुबह थानाध्यक्ष युगल किशोर व कुछ देर बाद त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंकर घटना के संदर्भ में आवश्यक जानकारी ली. जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया. इस दौरान पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए मृतक के कमरा स्थित घटना स्थल को सुरक्षित कर पुलिस का पहरा लगा दिया. मृतक अरविंद के परिजन हत्यारोपी गजेंद्र पर पैतृक संपत्ति के लालच में घटना को अंजाम देने का आरोप लगा रहे थे. वहीं गांव में इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चा हो रही है. दहाड़ मारकर रोती मृतक की 27 वर्षीया पत्नी रंगीना देवी बार बार अचेत हो रही थी. मृतक की दादी 80 वर्षीया मूर्ती देवी ने कहा कि अरविंद की मौत के बदले आरोपित पोते को भी मौत मिलनी चाहिए. मृतक के दो मासूम बेटी पांच वर्षीया पल्लवी व तीन वर्षीया साक्षी अपने पिता की मौत से मर्माहत होकर हर किसी को निहार रही थी. मृतक के पिता हलधर साह रोजी रोजगार के लिए बाहरी प्रदेश में थे. जो कि घटना की सूचना पाकर घर लौटने के लिए रास्ते में हैं. मृतक की पत्नी ने बताया कि वह अपने पति के साथ कमरे में सो रही थी. देररात करीब तीन बजे उसका देवर गजेंद्र साह किवाड़ तोड़कर कमरे में घुस गया. उसके सामने ही पति को कनपटी में गोली मार दिया. गोली लगते ही मौके पर ही उसके पति की मौत हो गई. गोली मारने से पूर्व वह देवर से पति की हत्या नहीं करने की आरजू विनती करती रही, परंतु उसने एक नहीं सुनी और घटना को अंजाम देकर भाग निकला. आरोपित की दादी ने बताया कि पोता गजेंद्र नशेड़ी प्रवृति का है. पैतृक संपत्ति की लालच में उसने सगे भाई को गोली मार हत्या कर दिया. बताया कि आरोपित ने अरविंद के कमरा में घुसने के लिए पहले बरामदे पर सेंधमारी की. परंतु कमरे का फर्स पक्कीकरण रहने के कारण वह अंदर नहीं घुस पाया. फिर वह मकान के सटे कच्चे घर का किवाड़ तोड़कर आंगन में घुस गया. फिर कमरे का किवाड़ तोड़ घटना को अंजाम दे दिया. बताया कि आरोपित पोता अपनी पत्नी के साथ चार साल से मधेपुरा जिले के पीपरपत्ता गांव स्थित ससुराल में रहता है. बीच में कभी कभार वह गांव आया करता था. घटना के दिन गुरुवार को वह चुन्नी चौक स्थित बालो के दुकान पर देखा गया था. देररात वह एक अन्य साथी के साथ चुपके से घर आया और इस घटना को अंजाम दे दिया. बताया कि आरोपित गजेंद्र को अपने पिता पर संदेह था कि उन्होंने बडे भाई को जमीन जायदाद लिख दिया है. इसी वजह से गजेंद्र बार बार बड़े भाई को जान से मारने की बात कर रहा था. तीन वर्ष पूर्व हुए मारपीट में गजेंद्र जख्मी हुआ था. उस घटना को लेकर दर्ज प्राथमिकी में गजेंद्र ने पिता, बडे भाई और भाभी पर मारपीट का झूठा आरोप लगाया दिया था. कहते हैं एसडीपीओ त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि कनपटी में गोली मारकर हत्या की गई है. हत्यारोपी कौन है और घटना का कारण क्या है. यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा गया है. एफएसएल टीम द्वारा स्थल का अवलोकन कर नमूने एकत्रित किये गए हैं. मामले में आवेदन का इंतजार है. आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




