सुपौल में NH-106 पर बैंक कर्मियों की गाड़ी रोककर 6 लाख की लूट, मास्क पहने बदमाश फरार
घटनास्थल पर पुलिस
Supaul News: सुपौल के राघोपुर में बंधन बैंक कर्मियों से हथियार के बल पर 6 लाख रुपये लूट लिए गए. पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है.
राघोपुर (सुपौल) से आशुतोष झा की रिपोर्ट.
Supaul News: सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम हथियारबंद अपराधियों ने बंधन बैंक के कर्मियों से करीब छह लाख रुपये लूट लिए. घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 106 पर परसरमा गांव स्थित नरदंग पुल के समीप हुई. अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने बैंक कर्मियों की गाड़ी रोककर हथियार के बल पर रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए.
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी.
कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?
जानकारी के अनुसार बंधन बैंक की बसंतपुर मुख्य शाखा से बैंक मैनेजर सहित अन्य कर्मी करीब छह लाख रुपये लेकर वाहन से एक शाखा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान राघोपुर थाना क्षेत्र के परसरमा गांव स्थित नरदंग पुल के पास पहले से घात लगाए बैठे अपाचे सवार दो अपराधियों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया.
गाड़ी रुकते ही दोनों बदमाश हथियार लेकर वाहन के पास पहुंचे और चालक अमित को नीचे उतार दिया. इसके बाद बैंक मैनेजर को हथियार दिखाकर धमकाया गया और रुपये से भरा बैग छीन लिया गया.
क्या पहचान छिपाकर पहुंचे थे बदमाश?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क पहन रखा था. पूरी वारदात महज कुछ मिनटों में अंजाम दी गई. घटना के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए.
इस घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर चिंता बढ़ गई है.
यह भी पढ़ें: Bihar Township Land Ban: जमीन बेचनी है तो मत घबराइए, बंदी के बीच अब आवास बोर्ड खरीदेगा आपकी जमीन
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार और सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने भी मौके का निरीक्षण किया.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही अपराधियों के संभावित फरार मार्गों पर जांच तेज कर दी गई है. विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.
यह भी पढे़ं: बिहार: अब हेलीकॉप्टर से पहुंच सकेंगे वाल्मीकिनगर, VTR को मिलेगा हेली टूरिज्म का नया पंख
Supaul News: अब आगे क्या होगा?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
फिलहाल इस लूटकांड को लेकर बैंक कर्मियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढे़ं: बिहार: कौन हैं IAS योगेश सागर और अभिलाषा शर्मा? जिनके ठिकानों पर SVU ने की बड़ी छापेमारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










