राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ शुरू हुआ अभाविप का चार दिवसीय प्रांत अभ्यास वर्ग

Edited by Shruti Kumari
Updated:
विज्ञापन

सुपौल में अभाविप के चार दिवसीय प्रांत अभ्यास वर्ग का उद्घाटन करते पदाधिकारी

ABVP Provincial Training Camp: सुपौल में अभाविप उत्तर बिहार प्रांत का चार दिवसीय प्रांत अभ्यास वर्ग शुरू हुआ. 36 जिलों से पहुंचे 300 से अधिक छात्र-छात्रा प्रतिनिधियों को नेतृत्व विकास, राष्ट्र निर्माण और संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा.

विज्ञापन

सुपौल से रोशन सिंह की रिपोर्ट:

ABVP Provincial Training Camp: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) उत्तर बिहार प्रांत के चार दिवसीय प्रांत अभ्यास वर्ग का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को शहर स्थित राधेश्याम टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज परिसर में हुआ. दीप प्रज्वलन एवं भारत माता पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई. उद्घाटन सत्र में क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, प्रांत अध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, प्रांत मंत्री पुरुषोत्तम कुमार एवं प्रांत संगठन मंत्री राकेश मौर्य ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया.

36 जिलों से जुटे 300 से अधिक प्रतिनिधि

प्रांत अभ्यास वर्ग में उत्तर बिहार के 36 संगठनात्मक जिलों से 300 से अधिक छात्र-छात्रा प्रतिनिधियों ने भाग लिया. उद्घाटन सत्र में परिषद के इतिहास, कार्यदर्शन, संगठन विस्तार तथा राष्ट्र निर्माण में छात्र शक्ति की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई. अतिथियों का स्वागत स्थानीय कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया.

युवाओं को नेतृत्व और राष्ट्र चेतना से जोड़ने का प्रयास

क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत ने कहा कि बिहार ज्ञान, संस्कृति और राष्ट्र चेतना की भूमि रही है. नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालयों की गौरवशाली परंपरा आज भी युवाओं को प्रेरित करती है. उन्होंने कहा कि अभ्यास वर्ग केवल संगठनात्मक प्रशिक्षण का मंच नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्र जीवन के प्रति संवेदनशील, जिम्मेदार और नेतृत्वक्षम नागरिक बनाने का माध्यम है.

ज्ञान, शील और एकता परिषद का मूल मंत्र

प्रांत अध्यक्ष विवेकानंद तिवारी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो छात्र हित, शिक्षा सुधार, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के विषयों पर निरंतर कार्य कर रहा है. उन्होंने परिषद के मूल मंत्र “ज्ञान, शील और एकता” का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन राष्ट्रनिष्ठ एवं समाजोन्मुखी युवा नेतृत्व के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है.

नेतृत्व विकास और व्यक्तित्व निर्माण पर होंगे विशेष सत्र

प्रांत मंत्री पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि सुपौल में आयोजित यह अभ्यास वर्ग कार्यकर्ताओं के वैचारिक, बौद्धिक एवं संगठनात्मक विकास का महत्वपूर्ण मंच है. विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को नेतृत्व विकास, छात्र हित, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र जीवन के विविध आयामों की जानकारी दी जाएगी.

वहीं प्रांत संगठन मंत्री राकेश मौर्य ने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं. विद्यार्थी परिषद शिक्षा क्षेत्र के अलावा आपदा राहत, रक्तदान, ग्राम विकास, पर्यावरण संरक्षण और सेवा कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है.

चार दिनों तक चलेगा प्रशिक्षण

चार दिवसीय अभ्यास वर्ग में राष्ट्रीय शिक्षा नीति, छात्र नेतृत्व विकास, संगठन विस्तार, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक समरसता, सेवा कार्य एवं समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा. समूह चर्चा, संवाद और अभ्यास सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों के व्यक्तित्व तथा संगठनात्मक कौशल को विकसित किया जाएगा.

कार्यकर्ताओं की मेहनत से सजा आयोजन

आयोजन की सफलता के लिए सुपौल जिला इकाई के कार्यकर्ता कई सप्ताह से तैयारियों में जुटे थे. आवास, भोजन, पंजीकरण, चिकित्सा, मंच एवं अनुशासन व्यवस्था में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका देखने को मिली. पूरे परिसर में उत्साह, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का वातावरण बना हुआ है.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन