मैट्रिक परीक्षा : पहले दिन दो फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार, 634 अनुपस्थित

Published at :17 Feb 2025 7:23 PM (IST)
विज्ञापन
मैट्रिक परीक्षा : पहले दिन दो फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार, 634  अनुपस्थित

पहले दिन दो पाली में मातृभाषा विषय की परीक्षा हुई

विज्ञापन

सुपौल. जिले के सभी चारों अनुमंडल में स्थित 42 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार से बिहार बोर्ड मैट्रिक की परीक्षा भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कदाचारमुक्त वातावरण में शुरू हुई. पहले दिन दो पाली में मातृभाषा विषय की परीक्षा हुई. पहले दिन परीक्षा में दो परीक्षार्थी को निष्कासित किया गया. दोनों परीक्षार्थी राजकीयकृत उच्च विद्यालय निर्मली में किसी अन्य छात्र के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए. परीक्षा में निर्धारित 30 हजार 63 में से 29 हजार 429 परीक्षार्थियों की उपस्थिति रही. 634 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए. पहली पाली में 14 हजार 976 और दूसरी पाली में 14 हजार 453 परीक्षार्थियों की उपस्थिति रही. परीक्षा को लेकर सुबह 08 बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी थी. 09 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा था. इसके बाद प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी. इसके कारण कई जगहों छात्रों के दीवार कूदकर भी परीक्षा केंद्र प्रवेश की कोशिश का मामला सामने आया है. उधर, परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम दिखा. केंद्र में प्रवेश से पहले गहन तलाशी ली जा रही थी. इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश पर रोक लगाई गई थी. इसके लिए घड़ी जैसे अन्य उपकरण को बाहर ही खुलवाया जा रहा था. परीक्षा केंद्र में जूता-मोजा पर भी रोक लगाई गई थी. परीक्षा केंद्र में सिर्फ चप्पल पहनकर प्रवेश की अनुमति थी. परीक्षा केंद्र के 100 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू था. इसके लिए सभी केंद्र पर पुलिस और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई थी. 25 फरवरी तक होगी मैट्रिक की परीक्षा मैट्रिक परीक्षा प्रति दिन दो पाली में ली जाएगी. 25 फरवरी तक मैट्रिक परीक्षा निर्धारित है. मंगलवार को दो पाली में गणित विषय की परीक्षा होगी. इसके बाद 19 फरवरी को द्वितीय भारतीय भाषा, 20 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, 21 फरवरी को विज्ञान, 22 फरवरी को अंग्रेजी सामान्य, 24 को ऐच्छिक विषय और 25 को व्यवसायिक ऐच्छिक विषय की परीक्षा होगी. परीक्षा के लिए सुपौल अनुमंडल के 21, वीरपुर अनुमंडल के 10, त्रिवेणीगंज के छह और निर्मली के पांच परीक्षा केंद्र शामिल है. छात्र के लिए 23 और छात्राओं के लिए 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा में कुल 30 हजार 758 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं. आकड़े को छुपाने का शिक्षा विभाग कर रहा प्रयास मैट्रिक परीक्षा के पहले दिन पाली पाली में दो मुन्ना भाई पकड़े जाने के बाद जहां एक ओर चर्चा का बाजार गर्म है. वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग द्वारा जारी खैरियत प्रतिवेदन में निष्कासित छात्रों की संख्या शून्य बतायी गयी है. वहीं निर्मली अनुमंडल स्थित परीक्षा केंद्र उच्च विद्यालय निर्मली में पहली पाली में दो फर्जी परीक्षार्थी सचिन कुमार व अमरेंद्र कुमार पकड़े गये. अब सवाल उठता है कि आखिर शिक्षा विभाग सही आंकड़ा देने से क्यों पीछे हट रही है. केंद्राधीक्षक संजय कुमार ने दूरभाष पर बताया कि दो फर्जी परीक्षार्थी पहली पाली में पकड़े गये जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. उच्च विद्यालय निर्मली में पकड़े गये दो मुन्ना भाई मैट्रिक परीक्षा के पहले दिन सोमवार को नगर पंचायत निर्मली स्थित उच्च विद्यालय निर्मली परीक्षा केंद्र पर दो मुन्ना भाई को सोमवार को वीक्षक के द्वारा पकड़ा गया. जिसे केंद्राधीक्षक ने पुलिस को सुपुर्द कर दिया. जानकारी देते हुए केंद्राधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि परीक्षा के प्रथम दिन दो मुन्ना भाई को वीक्षक के द्वारा पकड़ा गया है. उन्होंने बताया कि पकड़े गए मुन्ना भाई में अभिनंदन कुमार है जो अमरेंद्र कुमार के बदले परीक्षा दे रहा था. जबकि दूसरा कौशल कुमार है जो सचिन कुमार के बदले परीक्षा दे रहा था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन