विज्ञान रथ कार्यक्रम के तहत भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस का शुभारंभ

विज्ञान रथ निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विभिन्न स्कूलों का भ्रमण करेगा और विद्यार्थियों को विज्ञान से संबंधित मॉडल, प्रयोग एवं नवीन तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराएगा.
सुपौल सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय, सुपौल परिसर से ‘भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस’ (विज्ञान रथ) को आज विधिवत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. यह कार्यक्रम दिनांक 26 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा. यह पहल विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पटना तथा बिहार राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, पटना के तत्वावधान में संचालित की जा रही है. इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं तक प्रयोगात्मक एवं व्यवहारिक वैज्ञानिक ज्ञान पहुंचाना है. विज्ञान रथ निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विभिन्न स्कूलों का भ्रमण करेगा और विद्यार्थियों को विज्ञान से संबंधित मॉडल, प्रयोग एवं नवीन तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराएगा. कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एएन मिश्रा, कार्यक्रम समन्वयक आशीष आनंद एवं सुनील कुमार साहू, प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि यह पहल विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना तथा तार्किक सोच को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह कार्यक्रम अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा. कार्यक्रम समन्वयक आशीष आनंद एवं सुनील कुमार साहू ने बताया कि विज्ञान रथ के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक अधिगम का अवसर प्राप्त होगा, जिससे वे विज्ञान को समझने के साथ-साथ उसे व्यवहार में भी लागू कर सकेंगे. यह पहल राज्य में वैज्ञानिक चेतना के प्रसार एवं नवाचार संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




