सुपौल में एलपीजी सिलिंडर की कमी नहीं, अफवाहों से बढ़ी मांग: जिला प्रशासन

Updated at : 11 Mar 2026 6:21 PM (IST)
विज्ञापन
सुपौल में एलपीजी सिलिंडर की कमी नहीं, अफवाहों से बढ़ी मांग: जिला प्रशासन

कालाबाजारी पर प्रशासन की सख्त नजर

विज्ञापन

– रोजाना करीब 2600 सिलिंडर का आवंटन – घबराकर अतिरिक्त सिलिंडर लेने से बचने की अपील – कालाबाजारी पर प्रशासन की सख्त नजर सुपौल. जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडरों की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुपौल में गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है. विभिन्न गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 से ही जिले को प्रतिदिन लगभग 2600 घरेलू एलपीजी सिलिंडर आवंटित किए जा रहे हैं, जिससे सामान्य आपूर्ति बनी हुई है. प्रशासन के अनुसार वर्तमान समय में घरेलू एलपीजी सिलिंडरों की उपलब्धता सामान्य है. हालांकि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण पूरे देश में 07 मार्च 2026 से 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलिंडर की कीमत में 60 की वृद्धि की गई है. साथ ही गैस रिफिलिंग की बुकिंग की न्यूनतम अवधि 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है. एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति को आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (ईएसएमए) के अंतर्गत भी शामिल किया गया है. प्रशासन ने बताया कि एलपीजी गैस सिलिंडर की बुकिंग मोबाइल या ऑनलाइन माध्यम से तथा गैस एजेंसी पर जाकर भी कराई जा सकती है. बुकिंग के बाद प्राप्त ओटीपी के माध्यम से उपभोक्ता आसानी से गैस सिलिंडर का उठाव कर सकते हैं. यह प्रक्रिया पूरी तरह सरल और पारदर्शी है. बताया गया कि सिलिंडर की कमी की अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं में अचानक मांग बढ़ गई है, जिसके चलते कुछ वितरकों के पास अस्थायी रूप से स्टॉक समाप्त हो जा रहा है. हालांकि बॉटलिंग प्लांट से लगातार मिल रही आपूर्ति के कारण थोड़े समय बाद ही स्टॉक की पूर्ति हो जा रही है. जिला प्रशासन के अनुसार वर्तमान स्टॉक और बॉटलिंग प्लांट से मिल रही आपूर्ति को देखते हुए जिले में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध हैं. किसी भी प्रकार के तत्काल आपूर्ति संकट की संभावना नहीं है. एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने व कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निगरानी का निर्देश दिया गया है. अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है. जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अतिरिक्त सिलिंडर लेने से बचें. जिले में एलपीजी सिलिंडरों की उपलब्धता सामान्य है. उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन