ePaper

सीतामढ़ी-जयनगर-निर्मली नई रेल लाइन : विकास और समृद्धि की नई राह : ऊर्जा मंत्री

Updated at : 03 Oct 2025 6:28 PM (IST)
विज्ञापन
सीतामढ़ी-जयनगर-निर्मली नई रेल लाइन : विकास और समृद्धि की नई राह : ऊर्जा मंत्री

नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी.

विज्ञापन

सुपौल जिले में परिवहन के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. सीतामढ़ी-जयनगर-निर्मली नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार ने स्वीकृति प्रदान की है. ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के अथक प्रयास और लगातार पहल का ही परिणाम है कि रेल मंत्री ने इस महत्वाकांक्षी योजना को हरी झंडी दिखा दी है. यह रेल परियोजना कोसी, मिथिलांचल और सीमांचल के लाखों लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी. ऊर्जा मंत्री श्री यादव ने कहा कि नई रेल लाइन का सबसे बड़ा फायदा यात्रियों को होगा. इस मार्ग के निर्माण के बाद यात्रा का समय कम होगा और लोगों को आरामदायक सुविधा उपलब्ध होगी. अब यात्रियों को लंबे चक्कर काटकर सफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सीधे रेल संपर्क से न केवल आम लोगों की आवाजाही आसान होगी बल्कि छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी. इस परियोजना का सकारात्मक असर व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी देखने को मिलेगा. बेहतर परिवहन सुविधा से स्थानीय व्यापारी अपने उत्पादों को बड़े बाजारों तक आसानी से पहुंचा सकेंगे. खासकर कृषि आधारित उत्पादों और हस्तशिल्प को बाजार में जगह बनाने में मदद मिलेगी. इससे स्थानीय कारोबारियों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. रेल लाइन निर्माण और इसके संचालन से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार भी मिलेगा. निर्माण कार्य में लगे मजदूरों, इंजीनियरों और कर्मचारियों को अवसर मिलेगा, वहीं परिचालन शुरू होने पर टिकट काउंटर, स्टेशन, परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े नए रोजगार सृजित होंगे. यह पहल ग्रामीण युवाओं के लिए एक नई उम्मीद की किरण साबित होगी. नई रेल लाइन पर्यटन को भी बढ़ावा देगी. बेहतर रेल संपर्क से देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक आसानी से इस क्षेत्र तक पहुंच सकेंगे. इससे स्थानीय होटल, गेस्ट हाउस, रेस्तरां और परिवहन सेवाओं को फायदा होगा. धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच आसान होगी, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा मिलेगी. कुल मिलाकर, सीतामढ़ी-जयनगर-निर्मली नई रेल लाइन परियोजना न सिर्फ परिवहन के साधनों को बेहतर बनाएगी बल्कि रोजगार, व्यापार और पर्यटन के नए द्वार भी खोलेगी. यह परियोजना बिहार की विकास यात्रा को गति देने वाली साबित होगी और कोसी-मिथिलांचल-सीमांचल के लोगों के लिए समृद्धि की नई राह खोलेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन