सुपौल में मोहर्रम को लेकर पिपरा में प्रशासन अलर्ट, लाइसेंस, सुरक्षा और भाईचारे पर हुआ मंथन
पिपरा में मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट,
Muharram 2026: सुपौल के पिपरा में मोहर्रम को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. शांति समिति की बैठक में जुलूस के रूट, सुरक्षा व्यवस्था और अफवाहों से बचने पर विशेष जोर दिया गया.
कटैया-निर्मली से इंद्रभूषण की रिपोर्ट
Muharram 2026: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को पिपरा प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और दोनों समुदायों के लोगों ने हिस्सा लिया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ताजिया जुलूस के रूट और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
अफवाहों से बचने और भाईचारा बनाए रखने की अपील
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार और अंचल अधिकारी उमा कुमारी ने की. वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेन्द्र पंडित भी मौजूद रहे. थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने कहा कि मोहर्रम इस्लामिक कैलेंडर का महत्वपूर्ण पर्व है और इसे शांति, भाईचारे एवं आपसी सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए.
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें. यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें.
ताजिया जुलूस के लिए लाइसेंस जरूरी, तय रूट पर ही निकलेगा जुलूस
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ताजिया जुलूस केवल निर्धारित मार्ग और तय समय पर ही निकाला जाएगा. थानाध्यक्ष ने बताया कि अब तक 17 आयोजकों ने जुलूस निकालने के लिए आवेदन दिया है, जबकि अन्य आयोजकों से जल्द आवेदन जमा करने को कहा गया है.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के हथियार के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
“भरत तिवारी अमर रहे…”, नारे और पोस्टर के साथ सीतामढ़ी की सड़कों पर उतरा सवर्ण समाज.
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
अंचल अधिकारी उमा कुमारी ने कहा कि प्रशासन का पूरा प्रयास है कि मोहर्रम पर्व बिना किसी विवाद के संपन्न हो. इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. साथ ही जुलूस मार्ग पर लगातार गश्ती दल निगरानी करेगा.
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी चिन्हित किए जाएंगे, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
इसे भी पढ़ें: NEET Re-exam में असली उम्मीदवारों की जगह बैठे सॉल्वर, लखीसराय से 9 गिरफ्तार, यहां के मेडिकल छात्र पकड़े गए
Muharram 2026: साफ-सफाई, रोशनी और एंबुलेंस की व्यवस्था पर भी जोर
बैठक में मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जुलूस मार्ग की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की.
बैठक में वली उल्ला, उपेन्द्र मंडल, बबलू यादव, मोहम्मद मेहरुद्दीन, बालेश्वर राम, मकसूद आलम, इमामम आलम, मो इरफान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया.
इसे भी पढ़ें: लखीसराय में ‘सॉल्वर गैंग’ का भंडाफोड़, मेडिकल कॉलेजों के छात्र दूसरे की जगह दे रहे थे परीक्षा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










