अधिकारी पूरी जिम्मेदारी व सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें : डीएम

नगर पंचायत निर्मली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गयी है.
सीएम के समृद्धि यात्रा को लेकर डीएम-एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
निर्मली. नगर पंचायत निर्मली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गयी है. 10 मार्च को सीएम की यात्रा है. इसी क्रम में सोमवार की शाम जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस की संयुक्त अध्यक्षता में अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े रूट चार्ट, आगमन-प्रस्थान की व्यवस्था, सभा स्थल की तैयारी, यातायात नियंत्रण, वीआइपी मूवमेंट तथा प्रशासनिक समन्वय से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसलिए सभी विभागों के अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें. डीएम ने कहा कि कार्यक्रम से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, बैठक स्थल, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं. साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और हर बिंदु पर सतर्क रहने का निर्देश दिया गया. वहीं बैठक में पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहनी चाहिए. कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और रूट लाइन में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पूरी तरह सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है. एसपी ने कहा कि भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और वीआइपी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है. सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाएं और किसी भी परिस्थिति से निबटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए. बैठक के दौरान कार्यक्रम से जुड़े प्रशासनिक और सुरक्षा पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की गयी. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम से पूर्व सभी तैयारियों का स्थल पर जाकर निरीक्षण करें और यदि कहीं कोई कमी पाई जाए तो उसे तुरंत दूर किया जाए. इस अवसर पर अपर समाहर्ता मो तारिक, सचिदानंद कुमार, निर्मली एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा, वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार, त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार, निर्मली एसडीपीओ राजू रंजन कुमार, वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सहित विभिन्न अनुमंडलों और प्रखंडों के अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के अंत में डीएम और एसपी ने सभी अधिकारियों से अपील की कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी लोग पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि समृद्धि यात्रा का कार्यक्रम सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




