सुबह से ही ऐजेंसी पर लाइन में लग रहे उपभोक्ता, बढ़ी परेशानी

Updated:
विज्ञापन

अफवाहों के कारण घरेलू गैस एजेंसियों पर इन दिनों लोगों की भीड़ उमड़ रही है

विज्ञापन

राघोपुर. मिडिल ईस्ट क्षेत्र में चल रहे युद्ध को लेकर पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत की अफवाहों के बीच प्रखंड क्षेत्र में रसोई गैस को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है. अफवाहों के कारण घरेलू गैस एजेंसियों पर इन दिनों लोगों की भीड़ उमड़ रही है. खासकर एलपीजी गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ के कारण उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है. कई जगहों पर गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी देखी जा रही है. इसी कड़ी में शनिवार को प्रखंड क्षेत्र में गैस की स्थिति का जायजा लेने के लिए बीडीओ सत्येंद्र कुमार और एमओ अमर कुमार ने सिमराही बाजार के विभिन्न होटल और गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और होटलों में गैस के उपयोग की स्थिति की जांच की. साथ ही उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और एजेंसी कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए. जांच के दौरान राघोपुर स्थित एचपी गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी गई. लोग सुबह करीब चार बजे से ही लंबी कतार में खड़े थे. घंटों इंतजार के बाद लोगों को गैस मिल पा रही थी. इस दौरान कई बार भीड़ के कारण अफरा-तफरी की स्थिति भी बनी, हालांकि एजेंसी कर्मियों ने कतारबद्ध तरीके से गैस वितरण कराने की कोशिश की. एमओ अमर कुमार ने बताया कि एजेंसी के माध्यम से गैस का वितरण पूरी तरह कतारबद्ध तरीके से कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि राघोपुर में गैस की स्थिति सामान्य है. लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है. वहीं, बीडीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि होटल संचालकों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग को लेकर भी जांच की गई. उन्होंने स्पष्ट किया कि होटलों में डोमेस्टिक गैस सिलेंडर का उपयोग नहीं किया जा सकता. जांच के दौरान पाया गया कि अधिकांश होटल संचालक घरेलू गैस का उपयोग नहीं कर रहे हैं. इसके बजाय लकड़ी व कोयले का इस्तेमाल कर रहे हैं.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन