स्कॉर्पियो की टक्कर से ऑटो सवार युवक की मौत, चालक गंभीर

रात के समय तेज गति से चलने वाले भारी और चारपहिया वाहन राहगीरों व छोटे वाहनों के लिए खतरा बने रहते हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
जदिया रानीगंज-जदिया एनएच 327 ई पर रविवार की रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी. जबकि सीएनजी ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक और घायल युवक रिश्ते में साला-बहनोई बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद अज्ञात स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. घटना से मृतक के परिवार में मातम छा गया है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि परसागढ़ी दक्षिण पंचायत के कोपाड़ी वार्ड नबंर 01 निवासी बिनोद ऋषिदेव (35) अपने बहनोई एवं सीएनजी ऑटो चालक जदिया पंचायत के वार्ड नबंर 15 निवासी नवल ऋषिदेव के साथ ऑटो से जदिया आ रहे थे. इसी दौरान रात में कोपाड़ी के समीप एनएच 327ई पर तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो ने ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क किनारे पलट गया. उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी. आसपास के ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही जदिया पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज भेजा. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बिनोद ऋषिदेव को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल नवल ऋषिदेव की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा स्थित गंगोत्री अस्पताल ले गये, जहां उनका इलाज जारी है. इधर, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया. सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. शव गांव पहुंचते ही परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. मृतक अपने परिवार का कमाऊ सदस्य बताया जाता है. उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर फरार हो गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त सीएनजी ऑटो को जब्त कर लिया है. फरार वाहन की पहचान में जुट गयी है.
ग्रामीणों में आक्रोश, तेज रफ्तार पर नियंत्रण की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच 327ई पर वाहनों की बेलगाम रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है. खासकर रात के समय तेज गति से चलने वाले भारी और चारपहिया वाहन राहगीरों व छोटे वाहनों के लिए खतरा बने रहते हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है. थानाध्यक्ष नंदनकिशोर नंदन ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था. शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है. फरार स्कॉर्पियो एवं उसके चालक की पहचान के लिए छानबीन की जा रही है. मामले में अग्रेतर कार्रवाई जारी है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










